सतना: कोलगवां थाना क्षेत्र के बिरला कॉलोनी में 12 जून की रात युवक का गला रेतकर हत्या के प्रयास के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने 40 दिन की मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
खुला दरवाजा देख घर में घुसे थे हमलावर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिरला कॉलोनी निवासी विशाल यादव (30) पिता के.एल. यादव 12 जून की रात अपने घर का दरवाजा खुला छोड़कर सो रहा था। इसी दौरान देर रात अज्ञात हमलावर घर में दाखिल हुए और विशाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
बयान से मिला सुराग, पुरानी रंजिश में हुआ हमला
गंभीर हालत में विशाल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज किए। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि घटना से करीब एक महीने पहले उसका अन्नू चौरसिया और उसके कुछ साथियों के साथ विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते उस पर जानलेवा हमला किया गया।
लोहरौरा से पकड़ा गया आरोपी अभय त्रिपाठी
पीड़ित से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने तफ्तीश आगे बढ़ाई और करीब 40 दिन की खोजबीन के बाद सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के लोहरौरा निवासी अभय त्रिपाठी (28) पिता प्रदीप त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य सह-आरोपियों की तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा
