सतना : जिले के कोठी और बरौंधा क्षेत्र में वन्य प्राणियों के हमले की घटना की दहशत से लोग उबर भी नहीं पाए थे कि इसी तरह की एक और घटना सामने आ गई. चित्रकूट वल परिक्षेत्र अंतर्गत सांडा गांव में एक बाड़े में घुसकर हमला करते हुए तेंदुए ने 8 बकरियों को मार डाला.प्राप्त जानकारी के अनुसार चित्रकूट वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम सांडा के निवासी दद्दू उर्फ जवाहर लाल यादव खेती किसानी के साथ बकरियों को पालने का कार्य भी करते हैं.
बकरियों को लिए उन्होंने घर से कुछ दूरी पर एक बाड़ा बना रखा है. बताया गया कि दिन भर चराने के बाद बुधवार की शाम बाड़े में बकरियों को बंद कर दिया गया था. संभवत: देर रात तेंदुए ने बाड़े पर धावा बोल दिया. बाड़े में घुसक तेंदुए ने एक एक करके वहां पर मौजूद 8 बकरियों को मार डाला. सुबह उठने पर ग्रामीणों की नजर जब बाड़े की ओर गई तो वहां का दृश्य देखकर लोगों के बीच हडक़ंप मच गया.
घटना की सूचना मिलने पर रेंजर अभिषेक मिश्रा वन अमले के साथ मौके पर पहुंचे. पड़ताल करने पर रेंजर द्वारा उक्त घटना के पीछे तेंदुए के होने की पुष्टि भी कर दी गई. जिसे देखते हुए ग्रामीणों के बीच दहशत फैल गई. गौरतलब है कि ग्रामीण क्षेत्र में घुसकर तेंदुए द्वारा हमला किए जाने की महीने भर में यी तीसरी घटना है. इससे पहले जिले के कोठी वन क्षेत्र के शिवसागर गांव और उसके बाद मौहार गांव में तेंदुए द्वारा भेड़-बकरियों को निशाना बनाया जा चुका है. इसके साथ ही सरभंगा क्षेत्र के जंगल में बाघ द्वारा एक चरवाहे पर भी हमला कर दिया गया था
