
सिंगरौली । लंबे समय से सिंगरौली क्षेत्र के लोगों की बहुप्रतीक्षित मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ती नजर आ रही है। सीधी संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने संसद भवन, नई दिल्ली में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू से मुलाकात कर सिंगरौली एयरपोर्ट से जल्द हवाई सेवाएं शुरू कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस दौरान एयरपोर्ट के व्यावसायिक संचालन और क्षेत्र की आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में सांसद ने सिंगरौली को देश की प्रमुख औद्योगिक और ऊर्जा राजधानी बताते हुए कहा कि यहां से नियमित हवाई सेवाएं शुरू होने से उद्योग, व्यापार, निवेश और रोजगार को नई गति मिलेगी। साथ ही आम नागरिकों, उद्यमियों और निवेशकों को भी आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। केंद्रीय मंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अगले सप्ताह अपनी अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित करने पर सहमति जताई है। बैठक में केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण एएआई तथा म.प्र. सरकार के विमानन विभाग के अधिकारी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में सिंगरौली एयरपोर्ट के व्यावसायिक संचालन की रूपरेखा और उड़ान सेवाएं शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।
