कच्चे तेल की कीमत में तेजी से शुरुआती कारोबार में शेयर बाजारों में गिरावट

मुंबई, 23 जुलाई (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम बढ़ने से गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट रही। बीएसई का 30 शेयरों वाल सेंसेक्स 239.95 अंक टूटकर 76,515.10 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 217.74 अंक (0.28 प्रतिशत) की गिरावट में 76,537.31 अंक पर था। इससे पहले, एक समय यह 410 अंक तक फिसल गया था। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आज कच्चे तेल की कीमत में तेजी रही। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा दो प्रतिशत चढ़कर 96 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। इससे भारतीय शेयर बाजारों में निवेशक बिकवाल रहे।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 91.45 अंक नीचे 23,904.80 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 57.60 अंक यानी 0.24 प्रतिशत उतरकर 23,938.65 अंक पर रहा। वृहत बाजार में भी गिरावट रही। सभी सूचकांक लाल निशान में हैं। खास बात यह है कि बाजार में उथल-पुथल को मापने वाला इंडिया वीआईएक्स भी 0.63 प्रतिशत गिर गया है। यह दिखाता है कि बाजार का यह स्तर आने वाले कुछ दिनों में भी कायम रह सकता है या बाजार और नीचे जा सकता है।

मीडिया और ऑटो सेक्टरों की हल्की तेजी को छोड़कर सभी सूचकांकों में गिरावट है। फार्मा, रियल्टी और स्वास्थ्य सेक्टरों में अधिक बिकवाली देखी जा रही है। सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील, एनटीपीसी, अडानी पोर्ट्स, इंफोसिस, एचडीएफसी बैंक, मारुति सुजुकी, सन फार्मा, एयरटेल और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर फिलहाल आधा फीसदी से एक फीसदी नीचे चल रहे हैं। अच्छे तिमाही परिणाम से इटरनल में सवा एक फीसदी की तेजी है। ट्रेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर भी ऊपर हैं।

.....

Next Post

मड़ियादो में वन विभाग ने लोगों को वितरित किए पौधे, सुरक्षा का लिया संकल्प

Thu Jul 23 , 2026
हटा/दमोह।। वनपरिक्षेत्र अधिकारी मड़ियादो बफर जे.पी. मिश्रा ने स्टाफ के साथ मड़ियादो में आमजन को पौधे वितरित किए। इस दौरान वन विभाग द्वारा लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। पौधे प्राप्त करने वाले लोगों से वन विभाग ने इनकी सुरक्षा और देखरेख का संकल्प पत्र भी भरवाया।अधिकारी […]

You May Like