
दमोह। आगामी 30 जुलाई 2026 से प्रारंभ हो रहे पावन श्रावण मास व सावन के प्रत्येक सोमवार पर देव श्री जागेश्वरनाथ धाम, बांदकपुर में उमड़ने वाली विशाल श्रद्धालु भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए सौरभ गंधर्व अनुविभागीय दण्डाधिकारी अध्यक्षता में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन व मंदिर ट्रस्ट की संयुक्त बैठक संपन्न हुई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, कानून व्यवस्था, यातायात, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मंदिर ट्रस्ट के प्रवक्ता आचार्य पंडित रवि शास्त्री महाराज ने बताया कि श्रावण मास भगवान शिव की उपासना का सर्वश्रेष्ठ मास माना गया है।इस दौरान प्रदेश सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से लाखों श्रद्धालु देव श्री जागेश्वरनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक व पूजन-अर्चन करते हैं। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन व मंदिर ट्रस्ट ने समय रहते व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं।
बैठक में एसडीओपी पथरिया प्रिया सिंधी, अधिकारी लोक निर्माण विभाग, अनुविभागीय अधिकारी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, हलधर मिश्रा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगर परिषद हिंडोरिया, राकेश राय मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी, कार्यपालन यंत्री मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी, प्रीतम सिंह तहसीलदार हिंडोरिया, अंजलि अग्निहोत्री थाना प्रभारी हिंडोरिया तथा राजेंद्र मिश्रा चौकी प्रभारी बांदकपुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेश मेहता, सचिव पंकज हर्ष श्रीवास्तव, ट्रस्टी अनुराग श्रीवास्तव, मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक आचार्य पंडित रामकृपाल पाठक, नरेंद्र पाठक सहित ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे और श्रावण मास की व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।बैठक में निर्णय लिया गया कि सावन के प्रत्येक सोमवार को दर्शन व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने के लिए बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, चिकित्सा सहायता, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था व सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन व मंदिर ट्रस्ट संयुक्त रूप से समन्वय के साथ कार्य करेंगे।आचार्य पंडित रवि शास्त्री महाराज ने समस्त शिवभक्तों से आग्रह किया कि वे दर्शन के दौरान प्रशासन व मंदिर ट्रस्ट द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अनुशासन बनाए रखें तथा श्रद्धा एवं धैर्य के साथ भगवान श्री जागेश्वरनाथ के दर्शन व पूजन का पुण्य लाभ प्राप्त करें।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन व मंदिर ट्रस्ट के संयुक्त प्रयासों से इस वर्ष का श्रावण मास पूर्णतः सुव्यवस्थित, सुरक्षित व भक्तिमय वातावरण में संपन्न होगा तथा देव श्री जागेश्वरनाथ धाम, बांदकपुर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सहज, सुगम व दिव्य दर्शन का लाभ प्राप्त होगा।
