इंदौर: आईडीए शहर के पश्चिम क्षेत्र में कन्वेंशन सेंटर और प्रदर्शनी हॉल निर्माण के लिए फिर से टेंडर बुलाएगा. इसका कारण यह है कि पहले टेंडर में किसी कंपनी ने भाग नहीं लिया. टेंडर में भाग नहीं लेने के पीछे निविदा शर्तों में कंपनियों को 6 हेक्टेयर जमीन की दर बहुत ज्यादा लगी थी. आईडीए ने गलती मानते हुए टेंडर में दरों कम कर फिर से टेंडर बुलाने की तैयारी शुरू कर दी है.
आईडीए ने अपनी बहुप्रतीक्षित योजना 10 हजार सीटों वाला कन्वेंशन सेंटर और प्रदर्शनी हॉल निर्माण कार्य करने के लिए फिर से टेंडर जारी बुलाएगा. इसके पूर्व आईडीए ने उक्त योजना के लिए तीन माह पहले निविदा जारी की थी, जिसकी अंतिम तारीख 19 जून थी. 22 जून को टेंडर खोलने पर किसी भी कंपनी और रियल एस्टेट एजेंसी ने निविदा में रुचि नहीं ली थी. ध्यान रहे कि आईडीए की एयरपोर्ट के पास गांधीनगर चौराहे पर 17 हेक्टेयर जमीन पर कन्वेंशन सेंटर बनाने की योजना प्रस्तावित है. इसके तहत 6 हेक्टेयर पर कन्वेंशन सेंटर का निर्माण और बाकी जगह पर रिसोर्ट, होटल, रेस्त्रां और पार्किंग स्थल विकसित किया जाना है.
आईडीए द्वारा टेंडर फार्म की कीमत 1.18 लाख और सुरक्षा निधि 3,0 करोड़ तय की गई थी. टेंडर के साथ 2.75 करोड़ रुपए जमा करके भाग लेने की शर्त रखी गई है. साथ में 3 करोड़ रुपए सुरक्षा निधि भी जमा करना थी. टेंडर में भाग लेने वाली कंपनियों की प्री बीड बैठक आईडीए में 21 अप्रैल को हुई थी. इसके बाद 21 मई को दो कंपनियों के प्रतिनिधियों ने सीईओ के साथ चर्चा की थी. 19 जून को टेंडर जमा करने की अंतिम तारीख रखी गई थी. 22 जून को टेंडर खोलने पर किसी भी कंपनी और एजेंसी ने निविदा में भाग नहीं लिया. आईडीए ने उक्त योजना को पीपीपी मॉडल पर निर्माण की अनुमानित लागत 545.77 करोड़ रुपए मानी गई है और इसमें लीज राशि 365.70 करोड़ रुपए है. तीन साल निर्माण कार्य समय भी लीज समय सीमा में शामिल होने की शर्त भी रखी गई थी.
बदलाव कर फिर जारी करेंगे टेंडर
बताया जा रहा है कि आईडीए की 6 हेक्टेयर के लिए लीज राशि 365 करोड़ रुपए बहुत ज्यादा होने से कंपनियों ने टेंडर में भाग नहीं लिया. आईडीए ने उक्त राशि कम करने और शर्तों में भी कुछ बदलाव करके फिर से टेंडर जारी करने का निर्णय लिया है. इसकी पुष्टि आईडीए सीईओ डॉ परीक्षित झाड़े ने की है..
