लोकायुक्त छापे में अधीक्षण यंत्री के ठिकानों से 4 किलो चांदी, 300 ग्राम सोना और 3 लाख नकद मिला


इंदौर: आय से अधिक संपत्ति मामले में लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई में मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री शिवराम सेमिल के ठिकानों से लाखों रुपए की कीमती धातु और नकदी मिलने की जानकारी सामने आई है. लोकायुक्त की टीम ने अब तक की जांच में करीब 4 किलो चांदी, 300 ग्राम सोना और लगभग 3 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं. वहीं इंदौर सहित चार जिलों के नौ ठिकानों पर सर्च कार्रवाई अभी जारी है.

लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय ने नव भारत को बताया कि महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की जा रही है. अधीक्षण यंत्री शिवराम सेमिल के खिलाफ उनके 33 वर्ष के सेवाकाल में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत के बाद जांच शुरू की गई थी.

2 करोड़ वेतन, 7 करोड़ से अधिक खर्च का हिसाब…
लोकायुक्त जांच में सामने आया कि अधिकारी की सेवाकालीन नेट वेतन आय करीब 2 करोड़ रुपए है, जबकि अब तक की जांच में उनके द्वारा किए गए व्यय का आंकड़ा 7 करोड़ 16 लाख रुपए से अधिक पाया है. जीवन यापन खर्च को शामिल करने के बाद भी यह व्यय आय की तुलना में करीब 258 प्रतिशत अधिक है.

सिलिकॉन सिटी में तीन मंजिला मकान, फैक्ट्रियों का नेटवर्क…

लोकायुक्त टीम ने इंदौर के सिलिकॉन सिटी स्थित सी 44 भूखंड पर बने तीन मंजिला मकान की जांच की है. इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपए बताई गई है. जांच में अधिकारी के पुत्र शुभम सेमिल के नाम से पीथमपुर सेक्टर 3, बगड़ून, जिला धार में शुभम इलेक्ट्रिकल्स फैक्ट्री मिली है. करीब 880 वर्गमीटर क्षेत्र में बनी इस फैक्ट्री में ट्रांसफार्मर निर्माण का काम किया जाता है. इसकी अनुमानित लागत करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपए आंकी गई है. इसके अलावा परिवार के सदस्यों के नाम से संचालित कर्निश पावरजोन फर्म के माध्यम से पीथमपुर में प्लॉट और फैक्ट्री से जुड़े दस्तावेज मिले हैं. यहां करीब 1 करोड़ रुपए के निवेश की जांच की जा रही है.

धार में कई औद्योगिक इकाइयां जांच के घेरे में…
धार जिले के उज्जैनी औद्योगिक क्षेत्र में एसएस इलेक्ट्रिकल्स फर्म संचालित होना पाई गई है. इसके नाम से प्लॉट और फैक्ट्री में करीब 1.50 करोड़ रुपए के निवेश की जानकारी मिली है. वहीं कृष्णा पावर नाम से 560 वर्गमीटर भूखंड पर फैक्ट्री निर्माण चल रहा है. इसके अलावा रिश्तेदार/समधी के नाम से संचालित ए वन इलेक्ट्रिकल्स फैक्ट्री भी जांच के दायरे में है. यहां ट्रांसफार्मर फैक्ट्री में करोड़ों रुपए के निवेश की जानकारी मिली है, जिसे फिलहाल आरोपी के व्यय में शामिल नहीं किया है.

कार्यालय और अन्य संपत्तियों की जांच…
लोकायुक्त टीम को इंदौर में फैक्ट्रियों से जुड़े कार्यालय भी मिले हैं. सप्तश्रृंगी नगर, सिलिकॉन सिटी स्थित कार्यालय भवन पत्नी और पुत्र सौरभ सेमिल के नाम होना बताया है, यहां शुभम इलेक्ट्रिकल्स का कार्यालय मिला है. इसके अलावा अंजनी नगर, एयरपोर्ट रोड और देवास नाका क्षेत्र में कर्निश पावरजोन के कार्यालयों की भी जांच की जा रही है. लोकायुक्त पुलिस को आरोपी के पुत्रों के नाम से ओमेक्स सिटी में प्लॉट और शुभम इलेक्ट्रिकल्स के नाम महिंद्रा कंपनी की करीब 15 लाख रुपए कीमत की इलेक्ट्रिक कार भी मिली है.

मुरैना में मकान की जांच…
शिवराम सेमिल का रविदास नगर, मुरैना में दो मंजिला मकान भी मिला है. वहां ग्वालियर लोकायुक्त की टीम द्वारा जांच की जा रही है. मकान की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई गई है.

इन ठिकानों पर चल रही कार्रवाई…
लोकायुक्त की कार्रवाई इंदौर के चार, पीथमपुर के दो, धार जिले के उज्जैनी क्षेत्र के दो और मुरैना के एक ठिकाने सहित कुल 9 स्थानों पर जारी है. इंदौर और धार में डीएसपी सुनील तालान, आनंद चौहान, दिनेश पटेल और दीपक शेजवार सहित निरीक्षक प्रतिभा तोमर, राजेंद्र वर्मा, आशुतोष मिठास और सचिन पटेरिया की टीमें कार्रवाई कर रही हैं. मुरैना में ग्वालियर लोकायुक्त के निरीक्षक केपीएस बैंस के नेतृत्व में सर्च जारी है.

Next Post

डीएवीवी तक्षशिला परिसर से 9 बैटरियां और आरओ सिस्टम चोरी

Tue Jul 21 , 2026
इंदौर: भंवरकुआं थाना क्षेत्र स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) के तक्षशिला परिसर में चोरी की वारदात सामने आई है. अज्ञात बदमाश परिसर से आईटी सेंटर की विद्युत बैकअप प्रणाली में लगी 9 बैटरियां और छात्रावास में लगा आरओ सिस्टम चोरी कर ले गए.आईटी सेंटर सेंट्रल लाइब्रेरी बिल्डिंग में पदस्थ 52 […]

You May Like