अलाप्पुझा, 22 जून (वार्ता) केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने चेतावनी दी है कि स्विगी और ज़ोमैटो जैसे फ़ूड डिलीवरी प्लेटफ़ॉर्म का इस्तेमाल कथित तौर पर ऑनलाइन फ़ूड डिलीवरी की आड़ में नशीले पदार्थों की तस्करी और वितरण के लिए किया जा रहा है।
मंत्री ने इन रिपोर्टों को गंभीर बताते हुए इसमें शामिल लोगों को सरकार की ओर से “आखिरी चेतावनी” जारी की। उन्होंने कहा कि जो कोई भी ऐसी गतिविधियां जारी रखेगा, उसे ड्रग्स-विरोधी अभियान ‘ऑपरेशन तूफ़ान’ के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
श्री चेन्निथला ने कहा, “लोग ऑनलाइन खाना ऑर्डर करते हैं और यह उनके घरों तक पहुंचाया जाता है। इन डिलीवरी सिस्टम के गलत इस्तेमाल को लेकर गंभीर शिकायतें भी मिली हैं। यह आखिरी चेतावनी है। अब तक जो हुआ, सो हुआ। अब यह हरकत बंद होनी चाहिए। ऐसी स्थिति न बनाएं कि आपको कानून का सामना करना पड़े।”
गृह मंत्री ने कहा कि ‘ऑपरेशन तूफ़ान’ के तहत मिली शिकायतों से पता चला है कि ड्रग तस्कर नशीले पदार्थों की ढुलाई और वितरण के लिए स्विगी और ज़ोमैटो जैसे फ़ूड डिलीवरी नेटवर्क का गलत इस्तेमाल कर रहे है।
उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी गैर-कानूनी गतिविधियां तुरंत बंद होनी चाहिए और साफ़ कहा कि जो लोग इन्हें जारी रखेंगे, उन्हें बिना किसी रियायत के सख़्त कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
राज्य में चल रहे हर ड्रग वितरण नेटवर्क को खत्म करने के सरकार के संकल्प पर ज़ोर देते हुए श्री चेन्निथला ने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए बनी डिलीवरी सेवाओं को कभी भी आपराधिक गतिविधियों का ज़रिया नहीं बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून लागू करने वाली एजेंसियों को निगरानी बढ़ाने और ऐसी सभी गतिविधियों के खिलाफ़ सख़्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री ने आगे बताया कि पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे ‘ऑपरेशन तूफान’ के तहत दर्ज मामलों में किसी भी तरह की सिफारिश, राजनीतिक प्रभाव या बाहरी दबाव को न मानें। उन्होंने कहा कि हर मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
श्री चेन्निथला ने यह भी बताया कि एम्बुलेंस का इस्तेमाल नशीले पदार्थों की ढुलाई और बिक्री के लिए किए जाने की शिकायतें मिली हैं।
इन आरोपों को देखते हुए, राज्य के नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत एम्बुलेंस की भी विशेष जांच और कड़ी निगरानी की जाएगी।
राज्यव्यापी जागरूकता अभियान की घोषणा करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि 26 जून को, जिसे ‘नशीले पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस’ के रूप में मनाया जाता है, केरल के सभी विधानसभा क्षेत्रों में विधायकों के नेतृत्व में नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान में लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए इन कार्यक्रमों के दौरान नशीले पदार्थों के खिलाफ शपथ भी दिलाई जाएगी।
नशीली दवाओं की समस्या को खत्म करने के सरकार के संकल्प को दोहराते हुए श्री चेन्निथला ने कहा कि नशीली दवाओं के खिलाफ अभियान और ज़ोर-शोर से जारी रहेगा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे केरल को नशीले पदार्थों के बढ़ते खतरे से बचाने में अधिकारियों का सहयोग करें।
