700 करोड़ की अमूल डेयरी परियोजना से नई श्वेत क्रांति की तैयारी, अमित शाह ने पशुपालकों को दिया बड़ा भरोसा

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं, जिनका अब व्यापक विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अगले 15 वर्षों में राज्य के प्रत्येक परिवार तक कम-से-कम दो दुधारू पशु उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। साथ ही डेयरी सहकारी संस्थाओं के माध्यम से दूध की खरीद सुनिश्चित कर पशुपालकों की आय बढ़ाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि उन्नत नस्ल के पशु उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनसे वर्तमान की तुलना में कम-से-कम 25 प्रतिशत अधिक दूध उत्पादन होगा। इससे पशुपालन ग्रामीण परिवारों के लिए नियमित और भरोसेमंद आय का स्रोत बनेगा तथा राज्य में नई श्वेत क्रांति का मार्ग प्रशस्त होगा।

अमित शाह ने बताया कि अमूल हावड़ा फूड पार्क में लगभग 700 करोड़ रुपये के निवेश से अमूल बंगाल डेयरी परियोजना स्थापित कर रहा है। परियोजना पूरी तरह शुरू होने पर प्रतिदिन 30 लाख लीटर दूध का प्रसंस्करण होगा। संयंत्र में प्रतिदिन 10 लाख किलोग्राम दही और अन्य कल्चर्ड डेयरी उत्पादों के उत्पादन की क्षमता होगी, जो इसे दुनिया का सबसे बड़ा दही उत्पादन संयंत्र बनाएगी।

परियोजना में प्रतिदिन 10 लाख लीटर पैकेज्ड दूध, 2 लाख लीटर यूएचटी दूध, 1 लाख लीटर आइसक्रीम, 20 मीट्रिक टन पनीर, 10 मीट्रिक टन घी, 10 मीट्रिक टन मिठाइयों तथा 2.5 लाख पैक फ्लेवर्ड मिल्क के उत्पादन की क्षमता भी विकसित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना से आधुनिक डेयरी प्रसंस्करण, कोल्ड चेन और विपणन सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे किसानों और पशुपालकों को पारदर्शी एवं स्थायी बाजार मिलेगा, उनकी आय बढ़ेगी और पश्चिम बंगाल में डेयरी सहकारिता तथा ग्रामीण रोजगार को नई गति मिलेगी।

 

 

Next Post

फीफ़ा प्रेसिडेंट इन्फेंटिनो: "वर्ल्ड कप तैयार है"

Sun Jul 19 , 2026
Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like