शिकागो, 19 जुलाई (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने करीब 25 साल बाद थिएटर मंच पर वापसी की और उनकी बहुप्रतीक्षित प्रस्तुति ‘नकाब’ की शुरुआत शिकागो में शानदार अंदाज में हुई। पहले ही शो को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला और यह हाउसफुल रहा।नवाजुद्दीन के लिए यह मौका बेहद भावुक करने वाला था, क्योंकि उन्होंने उसी माध्यम में वापसी की जहां से एक कलाकार के रूप में उनके सफर की शुरुआत हुई थी। इस खास अवसर को उन्होंने अपनी बेटी शोरा सिद्दीकी के साथ साझा किया, जिसने इस प्रस्तुति के जरिए थिएटर की दुनिया में कदम रखा। ‘नकाब’ में नवाजुद्दीन के साथ मंच पर नजर आईं शोरा सिद्दीकी ने अपने आत्मविश्वास और प्रभावशाली स्टेज प्रेजेंस से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। पिता-पुत्री की इस जोड़ी ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई और ओपनिंग नाइट की सबसे यादगार झलकियों में शामिल हो गई।
फिल्मों और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दो दशक से अधिक समय तक अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके नवाजुद्दीन के लिए ‘नकाब’ सिर्फ एक नाटक नहीं, बल्कि अपने शुरुआती सफर की ओर लौटने जैसा अनुभव है। बेटी के साथ मंच साझा करना इस वापसी को और भी खास बना गया। शिकागो में मिले शानदार रिस्पॉन्स के साथ ‘नकाब’ के अंतरराष्ट्रीय दौरे की शुरुआत भी यादगार हो गई है। दर्शकों ने प्रस्तुति के बाद कलाकारों का खड़े होकर अभिवादन किया और स्टैंडिंग ओवेशन दिया। नवाजुद्दीन सिद्दीकी की दमदार मंच उपस्थिति और शोरा सिद्दीकी के शानदार थिएटर डेब्यू ने साबित कर दिया कि अभिनय की विरासत नई पीढ़ी तक भी खूबसूरती से पहुंच रही है। ‘

