
दमोह। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भापुसे) की पहल पर खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत जिला पुलिस बल दमोह द्वारा युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बैडमिंटन टूर्नामेंट (सिंगल्स व डबल्स) का आयोजन किया जा रहा है।
यह प्रतियोगिता 22 जुलाई 2026 से 25 जुलाई 2026 तक इंडोर हॉल, हॉकी एस्ट्रोटर्फ के सामने, दमोह में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ी व बैडमिंटन प्रेमी भाग लेकर खेल भावना का परिचय देंगे तथा समाज को नशामुक्त बनाने के इस जनजागरूकता अभियान से जुड़ेंगे।
पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि (भापुसे) ने जिले के सभी युवाओं, खिलाड़ियों व नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में सहभागिता करने का आग्रह करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर नहीं बनाते, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान कर उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से भी दूर रखते हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह (शील्ड) प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी दिनांक 21 जुलाई 2026 तक अपना पंजीयन निर्धारित संपर्क नंबरों पर करा सकते हैं।
