
चंदला। तहसील के ग्राम ग्वाला भाट में विकास कार्यों में बरती गई लापरवाही अब ग्रामीणों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। गांव में सरपंच द्वारा कराए गए अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि भ्रष्टाचार और लापरवाही के चलते गांव आज जलभराव की समस्या से जूझ रहा है।
अधूरी नाली बनी मुसीबत, घरों में घुसा पानी
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सरपंच द्वारा सीसी सड़क का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन इसके साथ बनने वाली नाली का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। नतीजतन, मौसम के बदलते ही हुई मामूली बारिश ने पूरे गांव को तालाब में तब्दील कर दिया। जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी दर्जनों घरों के भीतर घुस गया, जिससे घरों में रखा कीमती सामान, जरूरी दस्तावेज और साल भर के लिए जमा किया गया अनाज भीगकर बर्बाद हो गया।
ओलावृष्टि ने बढ़ाई मुश्किलें
बारिश के साथ-साथ गांव में हुई भारी ओलावृष्टि ने स्थिति को और अधिक भयावह बना दिया। ग्रामीणों को घंटों मशक्कत कर अपने घरों से पानी बाहर निकालना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि नाली निर्माण कार्य समय पर पूरा हो जाता, तो आज उन्हें इस आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
प्रशासन से जांच और कार्यवाही की मांग
ग्रामीणों ने सरपंच पर मनमानी और विकास के नाम पर केवल कागजी खानापूर्ति करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। गांववासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी सरपंच व संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही की जाए। अब देखना यह है कि प्रशासन इस समस्या का स्थायी समाधान निकालता है या ग्रामीणों को आगे भी इसी तरह नारकीय जीवन जीने को मजबूर होना पड़ेगा।
