इंदौर: खुडैल थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर हमला करने और घर में घुसकर तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है. आठ मील क्षेत्र में रहने वाले आसिफ पटेल ने शिकायत दर्ज कराई कि वह कार से जा रहा था, तभी आरोपियों ने रास्ते में रोककर डंडों से उसके साथ मारपीट की. शोर सुनकर उसकी पत्नी शबाना और बुआ मौके पर पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई.
शिकायत में आरोप है कि इसके बाद आरोपी पक्ष की महिलाएं हथियार लेकर पहुंचीं और अन्य लोगों के साथ शिकायतकर्ता के घर में घुस गईं. आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ करने के साथ बाहर खड़ी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना से घबराकर परिवार के लोग घर के अंदर बंद हो गए. परिजनों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर पुलिस को सौंपा है. मामले में पुलिस ने अफसर पटेल, रिहान पटेल, परवीन, अरमान, अय्यूब, बबीता, आदिल, आरिफ पटेल सहित नौ आरोपियों के खिलाफ मारपीट, घर में घुसकर तोड़फोड़, धमकी और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
