
चंडीगढ़ प्रधानमंत्री के प्रस्तावित पंजाब और चंडीगढ़ दौरे से पहले सुरक्षा एजेंसियां उस समय सतर्क हो गईं जब कई स्कूलों और संवेदनशील स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। ईमेल में दावा किया गया कि रेलवे स्टेशन, सार्वजनिक कार्यक्रमों और रैली स्थलों पर विस्फोट किए जाएंगे। इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
धमकी भरे मेल में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED), ड्रोन हमलों और रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने जैसी बातें लिखी गई थीं। ईमेल मिलने के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को तत्काल सक्रिय कर दिया गया। स्कूल परिसरों और सार्वजनिक स्थानों की गहन जांच की गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ईमेल में पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का भी जिक्र किया गया और खुद को उनका “भाई” बताने का दावा किया गया।
हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इस दावे की सत्यता की जांच कर रही हैं और फिलहाल इसे गंभीरता से लेते हुए साइबर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब तक किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साइबर सेल ईमेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और तकनीकी जानकारी की मदद से धमकी भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए पंजाब और चंडीगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
