पटना, 10 जुलाई (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए संगठन एवं सरकार के समन्वय को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)और मजबूत करेगा।मुख्यमंत्री श्री चौधरी की अध्यक्षता में आज लोक सेवक आवास स्थित ‘नेक संवाद’ में राजग की बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय, बिहार के सर्वांगीण विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजग के नेताओं एवं जिलाध्यक्षों के साथ नियमित संवाद और बैठक की परंपरा स्थापित कर बिहार में गठबंधन को मजबूत आधार प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विकसित बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी ने समृद्ध बिहार का जो संकल्प लिया है, उसे पूरा करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सामान्यतः सत्ता परिवर्तन के साथ पूरी प्रशासनिक व्यवस्था बदल जाती है, लेकिन नीतीश कुमार के उदार नेतृत्व के कारण बिहार में विकास की निरंतरता बनी रही और गांव-गांव तक विकास की किरण पहुंची है।
