नई दिल्ली, दिल्ली में भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर पिछली कांग्रेस सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने बराक ओबामा की किताब ‘द प्रॉमिस लैंड’ का हवाला देते हुए खुलासा किया कि 26/11 मुंबई आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना जवाबी कार्रवाई के लिए पूर्ण रूप से तैयार थी, लेकिन तत्कालीन नेतृत्व ने सेना को हमले की इजाजत नहीं दी। उन्होंने इसे देश के सुरक्षा इतिहास का एक दुखद पहलू बताया।
बदली हुई नीति का प्रतीक: सर्जिकल और एयर स्ट्राइक
सुधांशु त्रिवेदी ने मोदी सरकार के साहस को रेखांकित करते हुए कहा कि आज भारत की स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने बालाकोट एयरस्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक का उदाहरण देते हुए बताया कि अब सरकार न केवल सख्त निर्णय लेती है, बल्कि वैश्विक दबाव की परवाह किए बिना देश के हितों की रक्षा करती है। उन्होंने पाकिस्तान की संसद में हुई उस स्वीकारोक्ति का भी जिक्र किया, जिसमें भारतीय डर का जिक्र था। सांसद ने धारा 370 को हटाकर कश्मीर में तिरंगे की शान को वर्तमान सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया।
‘नॉन अलायंस’ से ‘ऑल अलायंस’ की ओर भारत
भाजपा प्रवक्ता ने विदेश नीति पर चर्चा करते हुए कहा कि भारत अब किसी के पीछे चलने वाला देश नहीं है, बल्कि दुनिया को दिशा दिखाने वाला ‘विश्व गुरु’ बन रहा है। उन्होंने बताया कि भारत आज क्वाड (QUAD) और ब्रिक्स (BRICS) दोनों समूहों का सक्रिय सदस्य है, जो इस बात का प्रमाण है कि हमारी नीति अब ‘नॉन-अलायंस’ से बदलकर ‘ऑल-अलायंस’ हो गई है। अंत में उन्होंने कहा कि भारत अगले 22 वर्षों में एक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य के साथ सांस्कृतिक मूल्यों और आर्थिक प्रगति के समन्वय से आगे बढ़ रहा है।

