देहरादून, 09 जुलाई (वार्ता) कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर राज्य में गुरुवार को पार्टी संगठन के विभिन्न स्तरों के नेताओं के साथ विस्तृत समीक्षा बैठकें कीं।
श्री वेणुगोपाल ने कहा कि चुनावी राज्यों के दौरे के क्रम में उत्तराखंड में संगठन की तैयारियों का गहन आकलन किया गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान वरिष्ठ नेताओं, सभी वर्तमान एवं पूर्व विधायकों, पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्षों, जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ व्यापक चर्चा की गयी। साथ ही राज्य की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक भी आयोजित की गयी, जिसमें चुनावी रणनीति और संगठन को मजबूत करने पर विचार-विमर्श हुआ।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार के खिलाफ जनता में व्यापक नाराज़गी है। कांग्रेस बूथ, ब्लॉक, मंडल और राज्य स्तर तक पूरी एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत करते हुए चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस संगठित प्रयासों के बल पर आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूत जीत दर्ज करेगी।
ग़ौरतलब है कि श्री वेणुगोपाल के उत्तराखंड दौरे से पहले कांग्रेस ने प्रदेश में राजनीतिक मामलों की कमेटी का गठन किया है और इसमें प्रदेश के तमाम बड़े नेताओं को जगह दी गयी है।
