
दमोह. बुधवार दोपहर से शाम तक हुई झमाझम बारिश के कारण दमोह शहर सहित पूरे जिले में जनजीवन प्रभावित हो गया है. लगातार बारिश से नाले-नदियां उफान पर आ गई हैं।
*शहर में चारों ओर पानी ही पानी*
दमोह शहर के कचोरा, चरयाई बाजार, गांधी चौक, अस्पताल चौराहा, कोतवाली चौक सहित कई प्रमुख मार्गों पर नालियां चोक होने से 2 से 3 फीट तक पानी भर गया। सड़कों पर पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.नगर पालिका द्वारा पहले से जल निकासी की व्यवस्था नहीं किए जाने को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई और कई जगह राहगीरों ने मौन विरोध भी जताया.
*तेंदूखेड़ा में व्यारमा नदी उफान पर*
तेंदूखेड़ा क्षेत्र में अधिक बारिश के बाद व्यारमा नदी उफान पर है। जैतगढ़ के पास पुल डूब जाने के कारण तेंदूखेड़ा और तारादेही का संपर्क पूरी तरह टूट गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि डूबे हुए पुलों और नदी-नालों के पास न जाएं और अनावश्यक आवागमन से बचें। भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक भी बारिश के जारी रहने की संभावना जताई है।
