
भिण्ड । ग्वालियर–भिण्ड– इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग 719 को सिक्स अथवा फोरलेन बनाने की मांग को लेकर शनिवार को जिला कांग्रेस ग्रामीण के अध्यक्ष रामशेष बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने कहा कि नेशनल हाईवे 719 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है, इसके बावजूद फोरलेन की टेंडर प्रक्रिया बार-बार टल रही है। टेंडर प्रक्रिया शुरू होने में हो रही देरी के लिए भाजपा सरकार, स्थानीय सांसद और उनके नेतागण पूरी तरह से दोषी हैं। कांग्रेस ने केंद्र सरकार को 15 दिन का समय देते हुए मांग की कि इस अवधि में टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की ठोस कार्रवाई कर आधिकारिक समय-सीमा घोषित की जाए।
बघेल ने चेतावनी दी कि 15 दिन में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस हजारों लोगों के साथ सड़क पर उतरकर बड़ा जनांदोलन करेगी जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन में फोरलेन निर्माण शीघ्र शुरू कराने, निर्माण शुरू होने तक नियमानुसार टोल से राहत देने तथा दुर्घटनास्थलों पर संकेतक, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और सड़क मरम्मत सहित सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम तत्काल करने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि अब आश्वासन नहीं, समयबद्ध कार्रवाई चाहिए। लोगों की जान बचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्रदर्शन करने वालों में जय श्रीराम बघेल, महेश जाटव, डॉ. शिवेंद्र सिंह, बाबूराम जामोर, भगवान दास सेथिया, वीरेंद्र यादव, नरोत्तम सिंह नरवरिया, पंकज त्रिपाठी, संदीप मिश्रा, रामस्वरूप गोयल, सुशीला नरवरिया, पंकज त्रिपाठी, थान सिंह यादव, अरविंद यादव हैवदपुरा, सुल्तान सिंह नरवरिया, नईम पठान, एडवोकेट दीपचंद तिवारी, इलियास खान, रामा वाल्मीकि, बदन राठौर, चंद्रभान सिंह कुशवाह, रामपाल सिंह भदोरिया, रामसिया राठौर, देवेंद्र सिंह कुशवाह, बल्लू बघेल पार्षद आदि शामिल रहे।
