मुंबई, 08 जुलाई (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव अभिनीत फिल्म ‘दादा – द सौरव गांगुली स्टोरी’ का फर्स्ट लुक पोस्टर आज, सौरव गांगुली के जन्मदिन के अवसर पर जारी किया गया है। फर्स्ट लुक के साथ ही, निर्माताओं ने यह भी घोषणा की कि यह फिल्म 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। फिल्म के फर्स्ट लुक पोस्टर में राजकुमार राव को सौरव गांगुली के उस ऐतिहासिक पल को जीते हुए दिखाया गया है, जब उन्होंने वर्ष 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ नेटवेस्ट ट्रॉफी जीतने के बाद लॉर्ड्स की बालकनी में अपनी जर्सी लहराई थी। यह पल भारतीय क्रिकेट के सबसे यादगार लम्हों में से एक माना जाता है।
‘दादा – द सौरव गांगुली स्टोरी’ उस शख्स की प्रेरणादायक कहानी है, जिसने सिर्फ क्रिकेट खेला ही नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट की तस्वीर भी बदल दी। फिल्म में एक प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटर से लेकर भारत के सबसे प्रभावशाली कप्तानों में शामिल होने तक का उनका सफर दिखाया जाएगा। यह कहानी उनके जज्बे, संघर्ष और मजबूत इरादों को सामने लाएगी, जिसने भारतीय क्रिकेट को नई पहचान दी और पूरी एक पीढ़ी को प्रेरित किया। ‘दादा – द सौरव गांगुली स्टोरी’ का निर्देशन विक्रमादित्य मोटवानी कर रहे हैं।फिल्म का निर्माण लव रंजन और अंकुर गर्ग ने किया है। इसे गुलशन कुमार, भूषण कुमार, टी-सीरीज और डीबीएल प्रस्तुत कर रहे हैं। यह लव फिल्म्स के बैनर तले बनी है और 14 मई 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

