रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्री में विस्फोट, तीन श्रमिकों की मौत

रायपुर, (वार्ता) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित थ्रीडी फैक्ट्री में मंगलवार की शाम भीषण विस्फोट से तीन श्रमिकों की मौत हो गयी।

घटना इतनी भयावह थी कि एक श्रमिक का पैर कटकर करीब 10 फीट दूर जा गिरा। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गयी।

पुलिस के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड तथा फैक्ट्री प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि एक अन्य ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के निवासी कमल सिंह (25) और लाल सिंह तथा छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के निवासी अरुण पांडे (19) के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित फैक्ट्री में पिग आयरन का उत्पादन किया जाता है, जिससे वाहनों के पुर्जों का निर्माण होता है। मृतकों के परिजनों का आरोप है कि काम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे और ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से यह हादसा हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज करीब आधा किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद फैक्ट्री परिसर धुएं से भर गया। सूचना मिलने पर डीसीपी, एडीसीपी नॉर्थ और एसीपी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी रहीं।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से विस्फोट होने की आशंका है। घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और संबंधित विभाग की टीम जांच कर रही है। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है।

 

Next Post

राशिफल-पंचांग: 08 जुलाई 2026

Wed Jul 8 , 2026
पंचांग 08 जुलाई 2026:- रा.मि. 17 संवत् 2083 आषाढ कृष्ण अष्टमीं बुधवासरे दिन 7/16, रेवती नक्षत्रे दिन 12/0, अतिगण्ड योगे दिन 9/36, कौलव करणे सू.उ. 5/15, सू.अ. 6/45, चन्द्रचार मीन दिन 12/0 से मेष, पर्व- शीतलाष्टमीं व्रत, शु.रा. 1,3,4,7,8,11 अ.रा. 2,5,6,9,10,12 शुभांक- 3,5,9. —————————————————————— आज जिनका जन्म दिन है- बुधवार […]

You May Like