नयी दिल्ली, 07 अप्रैल (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर गुरु तेग बहादुर के भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर साझा किए गए पोस्ट में सिख धर्म के नौवें गुरु को एक महान आध्यात्मिक विभूति के रूप में याद किया और कहा कि उनका जीवन साहस, बलिदान तथा करुणा का प्रतीक था।
श्री मोदी ने लिखा, “प्रकाश पर्व के पवित्र अवसर पर, मैं हमारी सभ्यता के एक महान आध्यात्मिक विभूति को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनका जीवन निडरता, बलिदान और मानवता के लिए एक उज्ज्वल उदाहरण था।”
सिद्धांतों के प्रति गुरु की अटूट प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए श्री मोदी ने कहा, “वह विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य, गरिमा और विश्वास की रक्षा में दृढ़ रहे। उनका शाश्वत संदेश एक न्यायपूर्ण, दयालु और सद्भावपूर्ण समाज के निर्माण में हमारा मार्गदर्शन करता रहे।”
आस्था की स्वतंत्रता और धार्मिक उत्पीड़न के खिलाफ अपने जीवन का न्यौछावर कर देने के लिए सिख समुदाय अपने इस श्रद्धेय गुरु की पूरी श्रद्धा से पूजा करता है। वर्ष 1675 में उनकी शहादत भारतीय इतिहास में उत्पीड़न के खिलाफ प्रतिरोध और मानवाधिकारों की रक्षा का प्रतीक है।
देश भर में श्रद्धालुओं ने गुरु के निस्वार्थ भाव और समानता की शिक्षाओं को करते हुए प्रार्थना, कीर्तन और सामुदायिक सेवा के साथ प्रकाश पर्व मनाया। प्रधानमंत्री के संदेश ने नागरिकों से गुरु के जीवन से प्रेरणा लेने और अधिक समावेशी तथा दयालु समाज की दिशा में काम करने का आह्वान किया।
