भाजपा मंच से विधायक संजय पाठक का बड़ा बयान, बोले- कटनी आज भी बड़ा कस्बा

कटनी। भाजपा के जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक का बयान चर्चा का विषय बन गया। उन्होंने कटनी के विकास को लेकर खुलकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अपेक्षित गति से विकास नहीं होने के कारण कटनी आज भी एक बड़े कस्बे की तरह दिखाई देता है।

 

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती स्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत रविवार को विवेकानंद सभागार में आयोजित जिला कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक पाठक ने कहा कि एक समय कटनी के लोग रीवा को दिहाती क्षेत्र कहकर संबोधित करते थे, लेकिन आज वही रीवा तेजी से विकसित होकर महानगर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

 

उन्होंने कहा कि शहडोल, सतना, मंडला, डिंडौरी और सिवनी जैसे शहर भी विकास की दौड़ में आगे निकल गए हैं, जबकि कटनी अपेक्षित प्रगति नहीं कर सका। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा जिले में अनेक विकास कार्य कराए गए हैं, लेकिन जिस गति से कटनी को विकसित शहर बनना चाहिए था, वह गति नहीं मिल सकी। उन्होंने कटनी को आज भी बड़ा कस्बा बताते हुए कहा कि शहर के नाम पर ढंग का विकास अभी तक नहीं हो पाया है।

 

अपने संबोधन में विधायक पाठक ने पड़ोसी जिलों का उदाहरण देते हुए संकेत दिया कि कटनी के पास संसाधनों और संभावनाओं की कोई कमी नहीं थी, लेकिन विकास की रफ्तार अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच सकी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जिले के विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान भी किया।

 

सम्मेलन में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा उनके सपनों को साकार करने का कार्य कर रही है। इस अवसर पर सांसद शर्मा ने माधवनगर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की स्मृति में एक सभागार निर्माण के लिए सांसद निधि से 25 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

 

सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विधायक संजय पाठक के बयान के बाद जिले के विकास को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

Next Post

भूपेंद्र यादव के तीन करीबी अफसर एक साथ हटाए गए, सरकार ने नहीं बताई वजह

Tue Jul 7 , 2026
नई दिल्ली केंद्र सरकार ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से जुड़े तीन वरिष्ठ अधिकारियों को एक साथ उनके पदों से हटा दिया है। इन अधिकारियों को मंत्री के करीबी माना जाता था। हालांकि, सरकार की ओर से इस कार्रवाई के पीछे की कोई आधिकारिक वजह सार्वजनिक नहीं की गई है। […]

You May Like