
विजय शर्मा
भोपाल:शहर के उप नगर संत हिरदाराम नगर के वार्ड 5 में हर तरफ गंदगी देखने को मिल रही है. इस वार्ड में छोटी बड़ी लगभग 25 कालोनी हैं. जो विकास के इंतजार में वर्षों से ठहरा हुआ है. यहां पर एैसी कोई गली नहीं मिली जहां पर कचरे का ढेर ना दिखाई दिया हो. इस कचरे पर आवारा पशु कागज और पालिथिन के साथ वेस्ट खाद्य पदार्थ को खा रहे हैं. वहीं आरा मशीन रोड, रेलवे स्टेशन रोड, घोबीे घाट क्षेत्र अन्य कालानियों में भी सडक़ों पर गंदगी, सीवेज जैसी समस्याएं देखने का मिली. वहीं इस वार्ड में अधिकतर बड़े नालों पर अतिक्रमण किया हुआ है.
जिस पर दुकानों का संचालन हो रहा है. जिस वजह से भी नालों की सफाई नहीं हो पा रही है. यहां पर छोटी हो या बड़ी नाली-नाले सभी गंदगी कचरे से भरे हुए हैं. जो कि बारिश पूर्व नगर निगम की जाने वाली सफाई को उजागर करता है. नालों की सफाई सिर्फ कागजों में हो रही है. दूसरी ओर सबसे बड़ी समस्या वर्तमान में पीने के पानी की है. जो कि नगर निगम के द्वारा सप्लाई किया जा रहा है. विगत 15 दिनों से नलों गंदा पानी आ रहा है. जो पीने योग्य तो है ही नहीं वहीं वह अन्य कार्यों के लिए भी उपयुक्त नहीं है. उस पानी से बदबू आती है. वहीं बताया जाता हैकि फिल्टर प्लांट पर पानी की स्वच्छ करने के लिए मिलाई जाने वाली एलम भी नहीं है. दूसरा सीवेज की लाईन का गंदा पानी भी नलों में मिलकर आ रहा है. जिससे वार्ड की जनता परेशान है. वार्ड में अधिकतर सडक़ों में गड्डे देखने को मिले हैं. जो कि यह दर्शाते हैं कि वर्षों से यहां पर सडक़ निर्माण का कार्य किया नहीं गया है.
स्टेशन रोड पर भर जाता है पानी
वहां के दुकान संचालकों ने बताया कि अब बारिश शुरू हो गई है. स्टेशन रोड के दोनों तरफ की नालियों की सफाई नहीं हुई है. जो कि कचरे से भरी हुई हैं. वहीं नालियों पर अतिक्रमण करके पक्के निर्माण कर लिए गए हैं. अगर लगातार बारिश हुई तो यहां पर सडक़ पर भराव तो होगा ही. साथ ही दुकानों के अंदर भी पानी भरने की संभावना बनेगी. वहीं यहां पर टे्रन से यात्रा करने वाले यात्रियों को निकलने में भी परेशानी होगी. यह समस्या वर्षों से चली हा रही हैॅ. नगर निगम ने कभी नालियों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं की. जिससे नालियों की सफाई नहीं हुई है.
सीवेज चेंबर खुले और टूटे
घोबी घाट क्षेत्र में अधिकतर सीवेज के चेंबर खुले या टूटे या धंसे हुए दिखाई दिए. जिससे वहां पर सीवेज की लाइन पूरी तरह से जाम हैं. बारिश के दौरान सीवेज का गंदा पानी गलियों और सडक़ों पर बहता है. जो मच्छरों और अन्य बीमारियों पैदा करने का डर वहंा के रहवासियों में बना हुआ है.
अधिकारी नहीं सुनते हैं. इस वजह से वार्ड की समस्याओ का समाधान नहीं हो पाता
मेरे वार्ड में साफ सफाई की ज्यादा समस्या नहीं रहती है. लेकिन जो निर्माण व विकास के कार्य हैं वह नहीं हो पा रहे हैं. अमृत टू योजना के माध्यम से संत हिरदाराम नगर में काम होना था लेकिन रोक दी गई है. पूर्व में बिछाई गई सीवेज लाइन 35 साल से ऊपर हो गए, जो कि अब जर्जर एवं क्षतिग्रस्त हो गई. जिस वजह से जहां सीवेज के जाम के साथ गलियों और सडक़ों पर गंदे पानी की समस्या है वहीं पीने के पानी में स्वच्छता की कमी है. महापौर और अधिकारी मुझे बिना बताए निरीक्षण कर जाते हैं, जिससे मैं उनके सामने वार्ड की समस्याओं की जानकारी नहीं दे पाता हूं. इसलिए यहां की समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता है.
अशोक मारन, पार्षद कांग्रेस, वार्ड 5
जनता ने बताई वार्ड की सच्चाई और परेशानियां
यहां पर सडक़ों पर कचरा पड़ा रहता है. नालों की सफाई नहीं होती है. बारिश के दौरान सडक़ पर पानी भर जाता है. जिससे जनता को परेशानी होती है.
प्रकाश, रहवासी, ओल्ड डेयरी फार्म रोड, संतहिरदाराम नगर
यहां पर बहुत दिनों से नलों से गंदा पानी आ रहा है. शिकायत भी कर चुके हैं लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ. वहीं सीवेज का गंदा पानी भी गलियों में बहता रहता है. बरसात के दौरान तो सडक़ पर जलभराव हो जाता है.
गंगा प्रसाद नामदव, दुकान संचालक, धोबी घाट रोड,
यहां पर झाडू लगाने कोई नहीं आता है. जिससे सडक़ पर गंदगी रहती है. वहीं नलों से गंदा पानी मिल रहा है. जिससे बीमारियों फैल सकती है.
पार्वती यादव, रहवासी, धोबी घाट रोड
सीवेज और पानी की लाइने दोनों साथ में डाली गई हैं. यहां गंदे पानी से सभी परेशान हैं. जिससे गंदा पानी पीने को मजूबूर है. हमारे घर के सामने सीवेज का चेंबर धंस गया है. जिससे गंदा पानी बहता रहता है.
कलावती यादव, रहवासी, धोबीघाट रोड
हमारी दुकान के सामने नालियों की सफाई नहीं हुई. वहीं यहां पर लोगों ने सडक़ के दोनों तरफ नालियों पर पक्के निर्माण कर रखे हैं. जिससे बरसात का पानी सडक़ों पर भर जाता है. स्टेशन रोड होने से यात्रियों को निकलने में परेशानी होती है.
बाबू चोटरानी, पॉपुलर ज्वेलर्स, स्टेशन रोड संत हिरदाराम नगर
गंदगी से हमलोग परेशान रहते हैं. सफाई होती नहीं है झाडू़ लगती नहीं है. बारिश शुरू हो गई है दुकान के सामने जलभराव होगा जिससे दुकान में भी पानी भरने की संभावना रहती है.
कलेमश, दुकान संचालक, स्टेशन रोड़ संत हिरदाराम नगर
हमारे यहां पर किसी भी तरह की समस्या नहीं है. बारिश में थोड़ा पानी भरता है. सफाई हो रही है.
विजय, दुकान संचालक, आरा मशीन रोड, संतहिरदाराम नगर
हमारे क्षेत्र सीवेज लाइन की सफाई नहीं हो रही है. जिसस सीवेज की लाइन पूरी तरह से जाम है. गंदा पानी सडक़ पर बहता रहता है. गलियों में बदबू आती रहती है.
कमलेश नामदेव, ओल्ड डेयरी फार्म संत हिरदाराम नगर
बारिश शुरू हो गई है नालियों की सफाई नहीं हुई है. पूरी मार्केट का पानी यहीं भर जाता है. जिससे दुकान चलाना भी मुश्किल हो जाता है.
विकास, चाय की दुकान, सैनिक कालोनी, संत हिरदाराम नगर
