बाथरूम में फंदे पर मिली विवाहिता, मायके पक्ष बोला प्रताड़ना ने ली जान

आमला: नगर के तहसीलदार चाल क्षेत्र में साहूकार परिवार की बड़ी बहू रंजिता ने अपने घर के बाथरूम में शॉवर के पाइप से चुन्नी बांधकर फांसी लगा ली। परिजनों के अनुसार जब रंजिता करीब 45 मिनट तक बाथरूम से बाहर नहीं आई तो दरवाजा खटखटाया गया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां वह फंदे पर लटकी मिली। तत्काल उसे नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आमला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने अस्पताल से मेमो मिलने के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मृतका के मायके पक्ष को सूचना दी गई, जिसके बाद उसकी मां, बहन और अन्य परिजन आमला पहुंचे। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।
मृतिका 2 महीने की बेटी को छोड़ फंदे पर झूली

मृतका मूलतः इंदौर की रहने वाली थी।उनकी उम्र 37 वर्ष को थी। उसने एमकॉम तक शिक्षा प्राप्त की थी और कुछ समय नौकरी भी की थी। विवाह के बाद उसने नौकरी छोड़कर गृहिणी के रूप में परिवार की जिम्मेदारी संभाली। उसकी दो बेटियां हैं, जिनमें एक 9 वर्ष की और दूसरी महज 2 माह की है। मृतका की मां ने बताया कि रंजिता अपनी बड़ी बेटी को खिलाड़ी और छोटी बेटी को आईएएस अधिकारी बनाना चाहती थी।
वीडियो में बहन ने लगाए गंभीर आरोप
पोस्टमार्टम से पहले मीडिया से बातचीत में मृतका की बहन विजेता और मां ने ससुर सुरेंद्र यादव, सास पुष्पा यादव तथा देवरानी मुस्कान यादव पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि शादी से पहले बताया गया था कि रंजिता का पति नागपुर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, लेकिन शादी के बाद पता चला कि वह आमला में कपड़ों की दुकान संचालित करता है। आरोप है कि ससुर गाली-गलौज करते थे, सास गरीब परिवार से होने का ताना देकर प्रताड़ित करती थीं और देवरानी भी मानसिक रूप से परेशान करती थी। बहन ने आरोप लगाया कि लगातार प्रताड़ना के कारण उसकी बहन ने यह कदम उठाया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।मृतका की बहन ने मीडिया के माध्यम से भावुक अपील करते हुए कहा कि उनकी बहन को न्याय मिलना चाहिए और दोषियों को सजा दी जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि माता-पिता को विवाह से पहले पूरी जानकारी की जांच-पड़ताल करनी चाहिए।

ससुराल पक्ष ने टिप्पणी से किया इनकार

इस मामले में ससुराल पक्ष से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने किसी भी प्रकार की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

पहली तेज बारिश में टपका रायपुर रेलवे स्टेशन, A-1 स्टेशन बना 'झरना'

Sun Jul 5 , 2026
रायपुर: मानसून की पहली तेज बारिश ने रायपुर रेलवे स्टेशन झरने की तरह नज़र आया । A-1 श्रेणी का यह रेलवे स्टेशन कुछ ही देर की बारिश में जगह-जगह से पानी टपकने लगा, जिससे प्लेटफॉर्म पर जलभराव हो गया और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टेशन पर […]

You May Like