
उज्जैन। इंगोरिया के ग्राम गावड़ी लोधा में गुरुवार को उफनते नाले की पुलिया से बाइक निकालते समय बहा ग्राम पंचायत सहायक सचिव का शव तीसरे दिन शनिवार सुबह चंबल नदी से मिल गया। दो दिनों से उसकी तलाश में सर्चिंग की जा रही थी।
इंगोरिया थाना प्रभारी दीपेश व्यास ने बताया कि ग्राम गावडी लोधा सिजावदा का रहने वाला ग्राम पंचायत सहायक सचिव सूर्यप्रताप सिंह सोनगरा गुरुवार देर शाम बाइक से घर लौट रहा था। बारिश के चलते रास्ते में नाला उफान पर था। पुलिया से पानी के बीच बाइक निकालते समय तेज बहाव आया और सहायक सचिव बाइक सहित बह गया।
उसकी बाइक पर सवार युवक ने कूदकर जान बचाई और घटना की जानकारी पुलिस को दी। गुरुवार रात पुलिस ने सर्चिंग शुरू कराई, रात डेढ़ बजे के लगभग पुलिया से 200 मीटर दूर उसकी बाइक मिल गई, लेकिन सूर्यप्रताप सिंह का पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह 6 बजे उज्जैन से एसडीआरएफ की टीम पहुंची और सर्चिंग शुरू की गई, लेकिन रात 10 बजे तक कुछ पता नहीं चल पाया। शनिवार सुबह फिर से सर्चिंग शुरू की गई थी नाले का पानी भी काम हो चुका था। इस बीच सर्चिंग के दौरान घटना स्थल से 5 किलोमीटर दूर ग्राम हरनावदा में सहायक सचिव की लाश मिल गई। बॉडी मिलने पर मर्ग कायम किया गया है पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौपा गया।
