
सीधी। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित “ऑपरेशन प्रहार 2.0” के तहत अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सिहावल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा ज़ोन गौरव राजपूत के निर्देशन, उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा रेंज हेमंत चौहान के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के कुशल नेतृत्व, अति. पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस के अनुसार दिनांक 03 जुलाई 2026 को चौकी सिहावल पुलिस टीम ग्राम बमुरी क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सुकपति पटेल, निवासी ग्राम घोपारी सोन नदी पुल मार्ग पर बमुरी स्कूल के समीप नीले रंग की पॉलीथिन में गांजा रखकर बिक्री हेतु ग्राहक की प्रतीक्षा कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम स्वतंत्र साक्षियों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी में आरोपी के कब्जे से 1.254 किलोग्राम अवैध गांजा, अनुमानित कीमत 12,500 रुपये बरामद कर विधिवत जप्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई उपरांत आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अमिलिया निरीक्षक राकेश बैस, उनि पुष्पेंद्र सिंह बघेल, प्रआर रोहित सिंह, अंजनी द्विवेदी, आरक्षक राहुल सिंह एवं विकास सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
