
बीना। साइबर फ्रॉड और लोन एजेंटों के दबाव से परेशान होकर सागर विश्वविद्यालय के बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र ने आधी रात को बीना में फांसी लगा ली। घटना छोटी बजरिया स्थित लक्ष्मी लॉज की है। मृतक की पहचान अमन प्रजापति उम्र 21 वर्ष निवासी औडेर, तहसील मुंगावली, जिला अशोकनगर के रूप में हुई है। लॉज मालिक राजू सोनकर के अनुसार अमन 2 जुलाई को शाम 6:45 बजे कमरा नंबर 103 में ठहरा था। उसने कहा था कि रात में उठा देना, उसे प्रयागराज की ट्रेन पकड़नी है।ट्रेन के समय से पहले जब स्टाफ उसे उठाने गया तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई और ताला लगा था। खिड़की से झांककर देखा तो अमन फांसी पर लटका मिला। तुरंत डायल 112 एवं छोटी बजरिया पुलिस चौकी को सूचना दी गई और मोबाइल से परिवार को भी खबर पहुंचाई गई।पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए बीना सिविल हॉस्पिटल भिजवाया। पंचनामा के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।पाकिस्तान नंबर से ठगी, लोन वाले कर रहे थे परेशान अमन सागर विश्वविद्यालय में बीटेक अंतिम वर्ष का छात्र था और सागर के पोस्ट मैट्रिक छात्रावास व पोद्दार कॉलोनी में रहता था। 2 जुलाई को वह बिना बताए घर से निकल गया था। न वह सागर पहुंचा और न ही उसका लोकेशन मिल रहा था। परिवार ने सागर के गोपालगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।अमन के बड़े भाई सुनील प्रजापति ने बताया कि पाकिस्तान के नंबर से कॉल कर उसके साथ जालसाजी की जा रही थी और उससे रुपये ऐंठे जा रहे थे। इसके अलावा लोन देने वाले एजेंट भी लगातार परेशान कर रहे थे। यह सब जानकारी अमन के मोबाइल से मिली। सुनील ने कहा, “उसने कभी परिवार को इस जालसाजी के बारे में नहीं बताया। अगर बताया होता तो शायद आज अमन हमारे बीच होता।”शादी की तैयारियों के बीच गम का माहौल अमन चार भाइयों में सबसे छोटा था सुनील, देवकीनंदन, प्रियातेश और अमन। 7 जुलाई को बड़े भाई प्रियातेश की शादी होनी थी, जिसकी तैयारियां घर पर चल रही थीं। ऐसे में अमन का यह कदम पूरे परिवार और गांव के लिए सदमे जैसा है।पुलिस की अपील साइबर फ्रॉड से सावधान रहें।पुलिस लगातार लोगों को साइबर फ्रॉड को लेकर सतर्क कर रही है। अज्ञात नंबर, खासकर विदेशी नंबरों से कॉल या मैसेज पर पैसा न भेजें। यदि कोई धमकाए या लोन के नाम पर दबाव बनाए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और OTP किसी से साझा न करें।अगर आप या आपका कोई जानने वाला तनाव, अवसाद या साइबर ठगी से परेशान है, तो परिवार, दोस्तों या शिक्षकों से बात करें। जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन 14416 या 112 पर संपर्क किया जा सकता है।अकेले कोई फैसला न लें, मदद लेना कमजोरी नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मोबाइल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
