बुजुर्ग महिला का मोबाइल हैक कर खातों से उड़ाए 2.73 लाख

जबलपुर: संजीवनी नगर थाना अंतर्गत धनवंतरी नगर में रहने वाली महिला को पति की बीमारी का इलाज कराने के लिए डॉक्टर का नंबर गूगल से निकालकर संपर्क करना भारी पड़ गया। शातिर साइबर अपराधियों ने महिला का फोन हैक कर उनके और उनके बेटे के खातों से कुल 2,73,673 रुपये पार कर दिए। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, धनवंतरी नगर निवासी उषा चौकसे (65) के पति बीमार थे। पति के इलाज के लिए उन्हें डॉ. नागपाल के यहाँ अपॉइंटमेंट लेना था। इसके लिए महिला ने गूगल पर डॉक्टर का नंबर सर्च किया और उस पर कॉल किया। फोन उठाने वाले अज्ञात आरोपी ने कहा कि आजकल अपॉइंटमेंट की प्रक्रिया ऑनलाइन हो गई है। उसने झांसा देकर महिला के व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजी और उसमें पति की जानकारी भरने को कहा।

जानकारी भरने के बाद आरोपी ने महिला से अपॉइंटमेंट कन्फर्म करने के लिए महज 5 रुपये का ऑनलाइन भुगतान करने को कहा। महिला को कुछ संदिग्ध लगा, इसलिए उन्होंने पैसे ट्रांसफर नहीं किए। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी सिर्फ लिंक पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल फोन हैक हो चुका था। मोबाइल में अजीब गतिविधियां देखकर महिला उसे सुधरवाने मोबाइल शॉप भी ले गईं, लेकिन वहां 4 घंटे का समय मांगने पर वे फोन वापस ले आईं।

साइबर फ्रॉड के डर से महिला ने अपना मोबाइल बंद कर दिया था। जब उन्होंने फोन में दोबारा सिम कार्ड डाला, तो ठगों ने अपना काम शुरू कर दिया। ठगों ने महिला और उनके बेटे के जॉइंट अकाउंट पर हाथ साफ किया और तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन में क्रमशः 95,000 रुपये, 96,673 रुपये और 60,000 रुपये यूपीआई के माध्यम से एक अज्ञात खाते में ट्रांसफर कर लिए। खातों से कुल 2 लाख 73 हजार 673 रुपये गायब होने के बाद पीड़िता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

Next Post

जेठानी से अवैध संबंध का विरोध करने पर पत्नी को जबरन खिलाईं नींद की गोलियां

Fri Jul 3 , 2026
जबलपुर: सिविल लाइन में रेलवे के एक उच्च पदस्थ अधिकारी द्वारा अपनी पत्नी पर ज़ुल्म ढाया। रेलवे में डिप्टी सीटीआई के पद पर तैनात पति ने न सिर्फ चरित्रहीनता की सारी हदें पार कर दीं, बल्कि विरोध करने पर अपनी पत्नी को जबरन नींद की गोलियां खिलाकर मौत के मुंह […]

You May Like