
दमोह। वर्दी से सेवानिवृत्ति होती है, सेवा और समर्पण से नहीं.इसी भावना के साथ दमोह पुलिस परिवार ने न्यू पुलिस कंट्रोल रूम, दमोह में सेवानिवृत्त हो रहे पांच अधिकारी-कर्मचारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया.समारोह के दौरान सभी सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए विभाग में बिताए गए यादगार पलों को स्मरण किया। सभी ने पुलिस सेवा के दौरान मिले अनुभवों, चुनौतियों और जनसेवा के अवसरों को अपने जीवन की अमूल्य धरोहर बताया। उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों ने भी उनके योगदान को सम्मानपूर्वक स्मरण करते हुए भावभीनी शुभकामनाएं दीं।पुलिस अधीक्षक दमोह आनंद कलादगि (भा.पु.से.) ने सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उनके परिजनों सहित आत्मीय स्वागत कर उन्हें शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी के दीर्घ स्वास्थ्य एवं सुखमय जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग के प्रति उनकी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण सदैव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों में एसडीओपी श्रीदेवी सिंह ठाकुर, एएसआई दिनेश गोस्वामी(लाइन ऑफिसर), एएसआई राजेंद्र दुबे, प्रधान आरक्षक अरविंद तिवारी एवं प्रधान आरक्षक नर्मदा पटेल शामिल रहे.इस अवसर पर सीएसपी आर. पांडे, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार, सूबेदार अभिनय साहू, आकांक्षा जोशी एवं उप निरीक्षक सविता रजक सहित पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे.गरिमामय वातावरण और आत्मीय भावनाओं के बीच सम्पन्न हुआ यह समारोह इस संदेश के साथ समाप्त हुआ कि दमोह पुलिस अपने प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के योगदान का सम्मान करती है तथा उन्हें सदैव अपने परिवार का अभिन्न सदस्य मानती है.
