
ग्वालियर। आज दोपहर घोषित शहर जिला कांग्रेस कार्यकारिणी को जबरदस्त असंतोष के चलते शाम को ‘होल्ड’ (स्थगित) करना पड़ा।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से 52 पदाधिकारियों की नई टीम घोषित होने के कुछ ही घंटों के भीतर ही इसे रोक दिया गया। कार्यकारिणी को होल्ड किए जाने की मुख्य वजह पार्टी की आंतरिक कलह है। सूची जारी होने के बाद स्थानीय स्तर पर भारी असंतोष और गुटबाजी देखने को मिली और इस्तीफों की झड़ी लग गई। असंतुष्ट पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ विरोध दर्ज कराते हुए अपने पदों से पार्टी को इस्तीफे सौंप दिए। पार्टी के भीतर अपने-अपने समर्थकों को महत्वपूर्ण पद दिलाने की अंदरूनी खींचतान और वरिष्ठ नेताओं के बीच सहमति न बन पाने के चलते पार्टी में असहज स्थिति निर्मित हो गई। सूत्र बताते हैं कि सूची जारी होने के बाद ग्वालियर कांग्रेस में मची कलह के चरम पर पहुंचने के बाद प्रदेश के पूर्व मंत्री बालेन्दु शुक्ला एवं विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार ने सीधे जीतू पटवारी से बात कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया, इसके बाद पीसीसी से सूची होल्ड करने का फ़रमान आ गया।
