सिंगरौली :स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत एनसीएल द्वारा परिसर की स्वच्छता एवं साफ.-सफाई में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले संविदा सफाई कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए सोमवार को मुख्यालय में एक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सफाई कर्मियों के समर्पण, परिश्रम एवं स्वच्छ कार्य वातावरण बनाए रखने में उनकी महत्त्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए उनके प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर सफाई कर्मियों ने स्वच्छता जागरूकता रैली में सहभागिता करते हुए स्वच्छता एवं जन-जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर उनके योगदान के प्रति आभार स्वरूप सभी सफाई कर्मियों को स्मृति-उपहार भेंट किए गए। वहीं स्वच्छता पखवाड़ा के तहत एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों में भी जन-जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। निगाही परियोजना में डीपीएस विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया तथा आमजन को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
इसी क्रम में डीएवी पब्लिक स्कूल बीना में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। वहीं निगाही परियोजना द्वारा लगभग 300 फलदार पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिवेश को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। दुद्धिचुआ क्षेत्र में आयोजित सामुदायिक कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई, स्वच्छता एवं व्यक्तिगत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हाइजीन किट वितरित किए गए तथा पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने के लिए फलदार पौधों का वितरण भी किया गया।
