मुंबई, 29 जून (वार्ता)अभिनेता अक्षय ओबेरॉय ने कहा है कि सुपरस्टार शाहरुख खान और अभिनेता मनोज बाजपेयी जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ स्क्रीन साझा करना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।अक्षय ओबेरॉय इन दिनों अपनी आगामी फिल्मों ‘किंग’ और मनोज बाजपेयी के साथ एक थ्रिलर फिल्म को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने कहा कि एक ही समय में अलग-अलग शैलियों की फिल्मों का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद उत्साहजनक अनुभव है। अक्षय ने कहा, “कभी-कभी मुझे खुद भी यकीन नहीं होता कि मैं एक ही साल में शाहरुख खान और मनोज बाजपेयी जैसे कलाकारों के साथ काम कर रहा हूं। दोनों अपने अभिनय में बिल्कुल अलग हैं और अपने-अपने क्षेत्र के माहिर कलाकार हैं।”
उन्होंने कहा कि ‘किंग’ एक बड़े स्तर की एक्शन फिल्म है, जबकि मनोज बाजपेयी के साथ उनकी फिल्म अपराध जगत पर आधारित थ्रिलर है। उन्होंने कहा कि मनोज बाजपेयी जैसे अभिनेता के साथ काम करना जितना चुनौतीपूर्ण है, उतना ही प्रेरणादायक भी है। अक्षय ओबेरॉय ने कहा कि ‘किंग’ जैसी बहुप्रतीक्षित फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने यह भी बताया कि वह दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी पदार्पण करने जा रहे हैं, जिसे लेकर वह काफी उत्साहित हैं। उनके अनुसार दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग इस समय देश की कुछ बेहतरीन और रोमांचक कहानियां दर्शकों के सामने ला रहा है। अक्षय ने कहा कि वह स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि फिल्म निर्माता उन पर अलग-अलग तरह के किरदार निभाने का भरोसा जता रहे हैं और वह हर परियोजना में पूरी मेहनत और समर्पण के साथ काम कर रहे हैं।

