
रीवा, 28 जून, जिले में 28 जून से 30 जून तक संचालित होने वाले पल्स पोलियो अभियान का सांसद जनार्दन मिश्र ने शुभारंभ किया.
सांसद ने नन्हे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया. इस अवसर पर सांसद ने कहा कि पोलियो उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग का नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है. प्रत्येक अभिभावक का यह कर्तव्य है कि वह अपने पॉंच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं. जब हर बच्चा् पोलियो की खुराक मिल जाएगी तभी हमारा लक्ष्य पूरा होगा. भारत ने पोलियो उन्मूलन में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है, लेकिन इसे बनाए रखने के लिए निरंतर सतर्कता एवं जनभागीदारी आवश्यक है. सांसद ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं एवं अपने आसपास के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक दिलवाकर राष्ट्र को सशक्त एवं स्वस्थ बनाने में योगदान दें. जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ अभिनव त्रिपाठी ने जानकारी दी कि जिले में पोलियो अभियान के अंतर्गत सभी बूथों, आंगनवाड़ी केंद्रों एवं घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रह जाए. इस अवसर पर सीएमएचओ मौजूद रहे.
