ग्वालियर: ग्वालियर जिले में आज रविवार को जन्म से 5 वर्ष के सभी बच्चों को जिंदगी की दो बूँद अर्थात पल्स पोलियो की दवा पिलाई जा रही है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने निर्देश दिए हैं कि ऐसे प्रयास करें कि जिले का कोई भी बच्चा पल्स पोलियो की दवा से वंचित न रहे। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि अपने बच्चों को पोलियो से बचाने के लिये नजदीकी बूथ पर जाकर पल्स पोलियो की दवा अवश्य पिलवाएं।
ग्वालियर जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान आज 28 जून से 30 जून तक चलाया जा रहा है। आज पोलियो बूथ पर दवा पिलाई जा रही है। जो बच्चे किसी कारणवश आज दवा नहीं पी पायेंगे, उनको 29 एवं 30 जून को घर-घर जाकर दवा पिलाई जायेगी।अभियान को अंजाम देने के लिये जिले में 2 हजार 356 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। जिले में 3 लाख 30 हजार 399 बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान की मोनीटरिंग के लिये जिला स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ये सभी अधिकारी क्षेत्र में जाकर पोलियो बूथ टीम को सहयोग एवं मार्गदर्शन दे रहे हैं। पल्स पोलियो के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिये शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ पल्स पोलियो की रैली निकाली गई। साथ ही प्रचार रथ के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया गया।
