
सिंगरौली । जिले में तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ कल रविवार 28 जून से होगा। अभियान के पहले दिन जिले के सभी पोलियो बूथों पर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी।
अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ बैढ़न में विधायक रामनिवास शाह बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर करेंगे। इसके बाद 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर ऐसे बच्चों को दवा पिलाएंगी, जो पहले दिन किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाए। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार जिले में 2 लाख 12 हजार 31 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 1024 बी-टाइप बूथ, 159 सी-टाइप बूथ, 34 ट्रांजिट बूथ और 8 मोबाइल टीमों सहित कुल 1225 बूथ बनाए गए हैं। अभियान के सफल संचालन के लिए 2450 टीमों, 148 सुपरवाइजरों तथा 4 ब्लॉक नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। जनजागरूकता के लिए 3392 पोस्टर, 1696 बैनर और 1525 स्थानों पर माइकिंग कराई गई है। वहीं प्रशिक्षण, ड्यूटी आदेश, कंट्रोल रूम स्थापना, कार्य वितरण, वैक्सीन वितरण और माइक्रोप्लान सहित सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को रविवार को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर पहुंचें।
