आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का यह 10वां संस्करण है। भारत और श्रीलंका में इस बार के टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन होगा। देखें अब तक किस टीम ने वर्ल्ड कप पर कब्जा जमाया है।
भारत और श्रीलंका एक बार फिर विश्व क्रिकेट के सबसे बड़े मंच की मेजबानी के लिए तैयार हैं। ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होगी। वहीं इस टूर्नामेंट का फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट का 10वां संस्करण होगा, जिसकी शुरुआत आईसीसी ने साल 2007 में दक्षिण अफ्रीका में ‘वर्ल्ड T20’ के नाम से की थी। तब से यह टूर्नामेंट क्रिकेट के सबसे रोमांचक और अनिश्चित फॉर्मेट का सबसे बड़ा आयोजन बन चुका है।
अब तक इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी कई देशों ने की है। इंग्लैंड (2009), वेस्टइंडीज (2010), श्रीलंका (2012), बांग्लादेश (2014), भारत (2016), UAE और ओमान (2021), ऑस्ट्रेलिया (2022) और वेस्टइंडीज व USA (2024) में खेले गए एडिशन ने फैंस को यादगार मुकाबले दिए हैं। हर संस्करण के साथ T20 वर्ल्ड कप की लोकप्रियता और प्रतिस्पर्धा और तेज होती गई है।
20 ओवर के इस हाई-रिस्क, हाई-रिवॉर्ड फॉर्मेट में निरंतरता बनाए रखना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं रहा है। इसके बावजूद, कई शीर्ष टीमों ने अलग-अलग एडिशन में अपना दबदबा कायम किया है और इतिहास रचा है।
भारत ने जीता थी टी20 वर्ल्ड कप का पहला संस्करण
भारत ने अपने युवा जोश और बेखौफ क्रिकेट के दम पर 2007 में जोहान्सबर्ग में खेले गए यादगार फाइनल में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराकर पहला T20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया था। वहीं, पाकिस्तान ने 2009 में जबरदस्त वापसी करते हुए अपनी घातक गेंदबाज़ी और मजबूत बल्लेबाज़ी के सहारे खिताब जीता। लॉर्ड्स में सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराने के बाद पाकिस्तान ने फाइनल में श्रीलंका पर शानदार जीत दर्ज की थी।
2010 में इंग्लैंड ने जीता था खिताब
इसके बाद 2010 में इंग्लैंड ने बेहतरीन रणनीति और संतुलित टीम प्रदर्शन के साथ बारबाडोस में खेले गए फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर ट्रॉफी पर कब्ज़ा जमाया। 2012 में जब टूर्नामेंट श्रीलंका में हुआ, तब वेस्ट इंडीज़ ने अपने पावर हिटर्स और स्पिन जोड़ी सैमुअल बद्री और सुनील नरेन के दम पर खिताब जीता।
2014 में श्रीलंका बनी थी चैंपियन
हालांकि, उसी साल घरेलू मैदान पर खेले गए फाइनल में श्रीलंका को निराशा हाथ लगी थी, लेकिन उन्होंने 2014 में ढाका में भारत के खिलाफ खिताबी मुकाबला जीतकर उस दर्दनाक हार का करारा बदला लिया। फाइनल तक लगातार पांच जीत के साथ अजेय दिख रही भारतीय टीम दबाव भरे इस बड़े मुकाबले में अपनी लय बरकरार नहीं रख सकी और निर्णायक क्षणों में बिखरती नजर आई।
2016 में एक बार फिर वेस्टइंडीज ने टी20 क्रिकेट में अपना दबदबा साबित किया और तेज रफ्तार फॉर्मेट के अपने बेहतरीन खिलाड़ियों के दम पर खिताब अपने नाम किया। इसके बाद टूर्नामेंट में पांच साल का लंबा अंतराल आया और फिर इसका आयोजन यूएई और ओमान में किया गया। दुबई में खेले गए फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने अपने ट्रांस-तस्मान प्रतिद्वंद्वी न्यूज़ीलैंड को हराकर आखिरकार अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता।
2024 में भारत ने जीता था खिताब
इसके बाद इंग्लैंड और भारत ने जोरदार वापसी करते हुए टूर्नामेंट के अगले दो संस्करणों में खिताब अपने नाम किए। इंग्लैंड ने मेलबर्न में खेले गए फाइनल में पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज़ में हराया, जबकि भारत ने बारबाडोस में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रोमांचक फाइनल में हार की दहलीज से जीत छीनकर खिताब पर कब्ज़ा जमाया।
