काराकस, 27 जून (वार्ता) वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने शनिवार को कहा कि उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रुबियो से फोन पर बात की और देश में आये भीषण भूकंप के बाद अमेरिका से मिले समर्थन के लिए उनका धन्यवाद किया। ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में, सुश्री रोड्रिगेज ने कहा कि अमेरिकी सरकार ने अपनी मदद की बात फिर से दोहरायी है। इसमें बचाव कर्मियों की तैनाती, खास उपकरण, अस्थायी आश्रय और प्रभावित परिवारों के लिए मानवीय सहायता शामिल है। उन्होंने इस पेशकश को ‘दोस्ती और सहयोग का संकेत’ बताया और आभार जताया।
संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय (ओसीएचए) ने बताया कि आपदा के बाद मलबे को हटाने और खोज-बचाव कार्यों में मदद के लिए कई देशों से लगभग 1,000 आपातकालीन बचावकर्मी वेनेज़ुएला पहुंचे हैं। अमेरिका जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) के अनुसार, बुधवार को वेनेज़ुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो ज़बरदस्त भूकंप आये। अधिकारियों का कहना है कि मरने वालों की संख्या 920 तक पहुंच गयी है और 3,300 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं। सैकड़ों इमारतें ढह गयीं, ज़रूरी अवसंरचना और अस्पतालों को नुकसान पहुंचा तथा मुख्य एयरपोर्ट को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया।अमेरिकी दक्षिणी कमान (साउथकॉम) 24 जून को आये विनाशकारी भूकंप के बाद वेनेज़ुएला में अमेरिका सरकार के राहत कार्यों में मदद करने के लिए विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रहा है। साउथकॉम ने क्षेत्र के उन अन्य सहयोगियों और साथियों के साथ भी करीबी तालमेल शुरू कर दिया है, जिन्होंने वेनेजुएला के लोगों की ज़रूरत के समय में मदद के लिए चल रही अंतरराष्ट्रीय सहायता में शामिल होने का वादा किया है।

