जीआई-टैग प्राप्त रीवा सुंदरजा आम की प्रथम वाणिज्यिक निर्यात खेप संयुक्त अरब अमीरात के लिए रवाना 

रीवा, कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA), वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा मध्य प्रदेश के जीआई-टैग प्राप्त रीवा सुंदरजा आम की प्रथम वाणिज्यिक निर्यात खेप का आज सफलतापूर्वक वर्चुअल ध्वजारोहण (Flag-off) किया गया। यह ऐतिहासिक उपलब्धि मध्य प्रदेश के विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

 

विगत कई महीनों से APEDA द्वारा मध्य प्रदेश शासन के उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, निर्यातकों, किसान उत्पादक संगठनों (FPOs), पैक हाउस संचालकों तथा अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर रीवा सुंदरजा आम के निर्यात हेतु प्रयास किए जा रहे थे। इन समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खरीदार की सफलतापूर्वक पहचान की गई और आज मैसर्स साल्ट रेंज फूड्स प्रा. लि. द्वारा 1 मीट्रिक टन जीआई-टैग प्राप्त रीवा सुंदरजा आम की प्रथम वाणिज्यिक खेप संयुक्त अरब अमीरात के लिए रवाना की गई।

 

इस निर्यात खेप के लिए उच्च गुणवत्ता वाले आम प्रगतिशील कृषक श्री सोनू गुप्ता, ग्राम गोविंदगढ़, जिला रीवा (मध्य प्रदेश) से प्राप्त किए गए। इन आमों की ग्रेडिंग, सॉर्टिंग एवं निर्यात-योग्य पैकेजिंग APEDA द्वारा सुविधायुक्त ट्राईसागर फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी, भदोही (उत्तर प्रदेश) के पैक हाउस में की गई तथा सभी आवश्यक फाइटोसैनिटरी (पादप संगरोध) औपचारिकताएँ पूर्ण करने के उपरांत खेप को वाराणसी हवाई अड्डे के माध्यम से हवाई मार्ग द्वारा संयुक्त अरब अमीरात के लिए रवाना किया गया।

 

रीवा सुंदरजा आम के इस प्रथम वाणिज्यिक निर्यात से क्षेत्र के किसानों को उल्लेखनीय आर्थिक लाभ प्राप्त हुआ है। जहाँ स्थानीय बाजार में इस आम का मूल्य लगभग ₹100–110 प्रति किलोग्राम था, वहीं निर्यात के लिए किसानों से ₹150 प्रति किलोग्राम की दर से खरीद की गई। इससे किसानों को ₹40–50 प्रति किलोग्राम का अतिरिक्त मूल्य प्राप्त हुआ, जो उनकी आय में प्रत्यक्ष वृद्धि का कारण बना। यह पहल किसानों को गुणवत्ता आधारित एवं निर्यातोन्मुखी उत्पादन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

 

अपनी विशिष्ट मिठास, आकर्षक सुगंध, रेशारहित गूदे एवं उत्कृष्ट स्वाद के कारण रीवा सुंदरजा आम को भौगोलिक संकेतक (GI) का दर्जा प्राप्त है। इस प्रथम वाणिज्यिक निर्यात से इस विशिष्ट उत्पाद को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी तथा मध्य प्रदेश प्रीमियम आमों के उभरते हुए निर्यात केंद्र के रूप में स्थापित होगा।

 

इस अवसर पर आयोजित वर्चुअल ध्वजारोहण समारोह में जनप्रतिनिधियों, मध्य प्रदेश शासन के उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, APEDA के अधिकारियों, निर्यातकों, किसान उत्पादक संगठनों तथा आम उत्पादक किसानों ने सहभागिता की। सभी वक्ताओं ने रीवा सुंदरजा आम के वैश्विक बाजार में उज्ज्वल भविष्य पर विश्वास व्यक्त करते हुए किसानों को गुणवत्तापूर्ण उत्पादन एवं निर्यात मानकों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

 

यह उपलब्धि गुणवत्ता आश्वासन, बाजार संपर्क, निर्यात अवसंरचना विकास तथा किसानों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने की दिशा में APEDA की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है। रीवा सुंदरजा आम के इस प्रथम वाणिज्यिक निर्यात से भविष्य में नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों के द्वार खुलेंगे, जीआई-टैग प्राप्त कृषि उत्पादों के निर्यात को नई गति मिलेगी तथा मध्य प्रदेश के किसानों के लिए आय वृद्धि एवं निर्यात के नए अवसर सृजित होंगे।

Next Post

IEHE और झारखंड सेंट्रल यूनिवर्सिटी के बीच MoU; अब छात्र और शिक्षक मिलकर करेंगे रिसर्च

Fri Jun 26 , 2026
भोपाल। उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान (IEHE) और सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड के बीच पढ़ाई और रिसर्च को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) हुआ है। इस समझौते का उद्देश्य दोनों संस्थानों के छात्रों, शोधार्थियों और शिक्षकों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना है। एमओयू के तहत दोनों संस्थानों […]

You May Like