सतना:जिला अस्पताल में बुधवार देर रात एक दुर्लभ प्रसव का मामला सामने आया, जहां 7 माह की गर्भवती महिला ने एक साथ तीन बच्चियों को जन्म दिया। मामले का काबिलेगौर पहलू यह भी रहा कि जिला अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा गर्भवती की नॉर्मल डिलीवरी कराई गई। वहीं समय से पूर्व जन्म लेने और कम वजन होने के कारण तीनों नवजातों को एसएनसीयू में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेज सतना के गायनी विभाग की एचओडी डॉ. मंजू सिंह ने बताया कि रामवन क्षेत्र के ग्राम सतरी निवासी प्रियंका साकेत पति दिवाकर साकेत को प्रसव पीड़ा होने पर जिला अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकीय जांच में पहले से ही यह स्पष्ट था कि महिला के गर्भ में तीन शिशु पल रहे हैं। जिला अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपाक्षी सिंह की देखरेख में सफल प्रसव कराया गया।
हालांकि ऐसे मामलों में कई बार जान का जोखिम भी बढ़ जाता है लेकिन चिकित्सकीय टीम द्वारा सफल प्रयास किया गया। जिला अस्पताल में एक साथ तीन बच्चियों के जन्म की खबर चर्चा का विषय बनी हुई है। चिकित्सकों का कहना है कि ट्रिपलेट यानी एक साथ तीन शिशुओं की गर्भावस्था और उसका सफल नॉर्मल प्रसव अपेक्षाकृत दुर्लभ मामलों में गिना जाता है। जिला अस्पताल में इससे पहले भी ट्रिपलेट के कई मामले आ चुके हैं। करीब डेढ़ घंटे के अंतराल में तीनों बच्चियों का जन्म हुआ।
सातवें माह में हुआ प्रसव
एसएनसीयू के चिकित्सक एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज सिंह के मुताबिक बच्चे प्रीमैच्योर हुए जिसके चलते तत्काल इन्हें एसएनसीयू में भर्ती करना पड़ा। तीनों नवजातों का वजन लगभग एक-एक किलोग्राम के आसपास बताया गया। चूंकि प्रसव गर्भावस्था के सातवें माह में हुआ है, इसलिए तीनों बच्चियों को तत्काल एसएनसीयू में भर्ती कर विशेषज्ञ निगरानी में रखा गया है। वहीं प्रसूता की हालत भी सामान्य बताई जा रही है।
