
बुरहानपुर। दोपहर के समय हुई तेज बारिश के दौरान हुसैनी हॉल के सामने एक गाय दो दीवारों के बीच संकरी जगह में फंस गई थी। आसपास के रहवासियों द्वारा गाय को सुरक्षित बाहर निकालने के कई प्रयास किए गए, किन्तु गाय के बुरी तरह फंस जाने के कारण उसे बाहर नहीं निकाला जा सका।
दिनांक 25/06/2026 को सूचनाकर्ता श्री फयाज हुसैन द्वारा थाना उपस्थित होकर जानकारी दी गई कि उक्त गाय पिछले दिन से ही दीवारों के बीच फंसी हुई है तथा उसे तत्काल सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी महोदय द्वारा तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारी के आदेशानुसार प्रधान आरक्षक गुरदीप पटेल, प्रधान आरक्षक नितेश बीसे एवं आरक्षक प्रदीप मुझाल्दा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम ने स्थानीय रहवासियों के सहयोग से स्थिति का निरीक्षण किया तथा सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया।
काफी मशक्कत एवं सूझबूझ से कार्य करते हुए पुलिस टीम एवं स्थानीय नागरिकों ने संयुक्त प्रयास कर गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के दौरान गाय को किसी प्रकार की चोट न पहुंचे तथा मौके पर किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया। पुलिस कर्मचारियों द्वारा गाय को सुरक्षित बाहर निकालकर मानवीय संवेदन शीलता एवं जनसेवा का परिचय दिया गया।
सराहनीय कार्य:- प्रधान आरक्षक गुरदीप पटेल,प्रधान आरक्षक नितेश बीसे एवं आरक्षक प्रदीप मुझाल्दा की विशेष भूमिका रही।
