काराकास, 25 जून (वार्ता) वेनेजुएला में एक मिनट से भी कम समय के अंतर पर भूकंप के दो तेज झटके महसूस किये। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 7.2 और 7.5 मापी गयी। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने यह जानकारी दी। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार भूकंप के जोरदार झटकों से तीन लोगों की मौत हो गई और चार घायल हो गए। देश की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेजमें आपातकाल घोषित किया है। यूएसजीएस ने कहा कि भूकंप मोरोन शहर से 16 किलोमीटर और सैन फेलिप से 24 किलोमीटर दूर बुधवार शाम 6:04 बजे (भारतीय समयानुसार गुरुवार तड़के 3:34 बजे) आए। भूकंप के बाद काराकास में एक रिहायशी इमारत गिरने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।
स्पुतनिक को बताया, “मलबे से एक बच्चे समेत तीन लोगों के शव बरामद किए गए। चार घायलों को मलबे से बाहन निकाला गया है।” कार्यवाहक राष्ट्रपति रोड्रिगेज ने कहा कि तेज भूकंप के बाद देश में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। सुश्री रोड्रिगेज ने सोशल मीडिया पर कहा, “हम अपने संविधान के हिसाब से आपातकाल की घोषणा कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि वेनेजुएला का मुख्य हवाईअड्डा मैक्वेटिया में भारी नुकसान होने की वजह से बंद है। सुश्री रोड्रिगेज ने कहा, “भूकंप के झटकों से कुछ राज्य ऐसे हैं जिन पर खास तौर पर बुरा असर पड़ा है। राजधानी काराकास में अलग-अलग इलाकों में इमारतें गिर गई हैं। मिरांडा और ला गुएरा राज्यों को भी काफी नुकसान हुआ है।
इसके साथ ही अरागुआ, काराबोबो और फाल्कन प्रांत को भी नुकसान पहुंचा है।” उन्होंने कहा कि भूकंप के दो तेज भूकंपों के बाद 20 झटके रिकॉर्ड किए गये। सुश्री रोड्रिगेज ने कहा, “मैं दुनिया की उन सरकारों को धन्यवाद देना चाहती हूं जिन्होंने भूकंप के बाद एकजुटता और सहयोग देने के लिए तुरंत वेनेजुएला से संपर्क किया।” सुश्री रॉड्रिगेज के मुताबिक अमेरिका, पनामा, कतर, क्यूबा, निकारागुआ, तुर्की, जॉर्डन, कोलंबिया, बारबाडोस, इंगलैंड, ब्राजील और मेक्सिको तुरंत वेनेजुएला का सहयोग करने के लिए आगे आए। अमेरिका और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी वेनेजुएला सरकार से संपर्क किया और प्राकृतिक आपदा से निपटने में मदद करने का आश्वासन दिया है।

