जिला कांग्रेस कार्यालय संगठन का मंदिर, इसकी मर्यादा बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी : अजय सिंह

मंदसौर। मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह (राहुल भैया) के जिला कांग्रेस कार्यालय, मंदसौर आगमन पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित कांग्रेसजनों ने पुष्पमालाओं एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री अजय सिंह ने कहा कि जिला कांग्रेस कार्यालय हमारे संगठन का मंदिर है, जिसकी गरिमा एवं मर्यादा का संरक्षण प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रति हमारी निष्ठा, समर्पण एवं प्रतिबद्धता संगठनात्मक कार्यों में दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि विचारधारा की लड़ाई है। ऐसे में सभी कांग्रेसजनों को अनुशासन, संगठनात्मक मर्यादा एवं आपसी सम्मान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। वर्तमान में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को किसी भी प्रकार की अनावश्यक टिप्पणी, विवादित प्रतिक्रिया अथवा ऐसी गतिविधियों से बचना चाहिए, जिससे संगठन की छवि प्रभावित हो। उन्होंने कहा कि अपनी ऊर्जा और क्षमता का उपयोग कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने, जनता के बीच पार्टी की विचारधारा पहुंचाने तथा जनहित के मुद्दों को उठाने में करना चाहिए। जब कार्यकर्ता सकारात्मक सोच और संगठनात्मक एकता के साथ कार्य करेंगे, तभी कांग्रेस भविष्य में मजबूत होकर सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकेगी।

अजय सिंह ने कहा वे प्रदेशभर का दौरा कर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने तथा परंपरागत कांग्रेस परिवारों से संवाद स्थापित कर संगठनात्मक समन्वय को मजबूत बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन सुदृढ़ीकरण के इस अभियान में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्र सिंह गुर्जर ने कहा कि अजय सिंह जैसे अनुभवी एवं वरिष्ठ नेतृत्व का मार्गदर्शन संगठन के लिए प्रेरणादायी है। वरिष्ठ नेताओं के सतत संपर्क एवं कार्यकर्ताओं के समर्पित प्रयासों से कांग्रेस आगामी चुनावों में और अधिक सशक्त होकर उभरेगी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेतृत्व कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन कर रहा है, जिससे संगठनात्मक मजबूती के साथ पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण सहायता मिल रही है।

इस अवसर पर विधायक विपिन जैन, पूर्व विधायक नवकृष्ण पाटिल, पूर्व विधायक पुष्पा भारतीय, वरिष्ठ नेता प्रकाश रातडिया, ओम सिंह भाटी, सोमिल नाहटा, मंजीत सिंह टुटेजा, अजय लोढ़ा, सुनील गुप्ता, रवींद्र रांका, असगर मेव, सुनील बसेर, बालेश्वर पाटीदार, प्रवीण मांगरीया, सुरेश पाटीदार, दिलीप देवड़ा, कर्मवीर सिंह भाटी, घनश्याम अटोलिया, रूपल संचेती, अंजू तिवारी, राखी सत्रावाला, राघव शक्तावत, वाहिद जैदी, आदित्य पाटिल, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Next Post

डीएमएफ फंड को लेकर आप के नेता ने खोला मोर्चा

Wed Jun 24 , 2026
सिंगरौली । आप के प्रदेश सचिव राजेश सोनी ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम सिंगरौली को ज्ञापन सौंपकर जिले के जिला खनिज प्रतिष्ठान फंड के उपयोग को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पिछले पांच वर्षों के दौरान जिले के हिस्से की लगभग 1000 करोड़ […]

You May Like