
दतिया। थाना क्षेत्र के अंतर्गत पंजाब नेशनल बैंक के सामने एक ट्रैक्टर चालक द्वारा लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार देने का मामला सामने आया है। इस दर्दनाक हादसे में एक छह वर्षीय मासूम बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि परिवार के अन्य लोग बाल-बाल बच गए। दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
*पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार**
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्वालियर के कंपू निवासी इरफान खान अपने परिवार के साथ उत्तर प्रदेश के समथर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। बुधवार को वे अपनी बाइक से वापस ग्वालियर लौट रहे थे। मोटरसाइकिल पर उनकी पत्नी और छह वर्षीय पुत्र फैजल खान भी सवार थे।
जैसे ही उनकी बाइक गोराघाट स्थित पंजाब नेशनल बैंक के सामने पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर के चालक ने लापरवाही और गफलत से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई और मासूम फैजल खान को गंभीर चोटें आईं।
*पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल, इलाज के दौरान तोड़ा दम*
घटना की सूचना मिलते ही गोराघाट थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डायल 112 वाहन की मदद से गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। हालांकि, अस्पताल में इलाज के दौरान जख्मों का ताव न सहते हुए मासूम फैजल ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है।
*15 दिनों से सड़क पर डली रेत बनी काल!*
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस बड़े हादसे के पीछे सड़क पर फैला अतिक्रमण भी एक मुख्य वजह रहा। बताया जा रहा है कि पंजाब नेशनल बैंक के ठीक सामने एक व्यक्ति द्वारा पिछले लगभग १५ दिनों से रेत डालकर छोड़ी गई है। इस रेत के कारण आए दिन गाड़ियां फिसल रही थीं और रास्ता संकरा हो गया था। स्थानीय प्रशासन और संबंधित व्यक्ति की इस घोर लापरवाही के चलते आखिरकार आज एक मासूम को अपनी जान गंवानी पड़ी। ग्रामीणों में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश है।
*पुलिस की कार्रवाई:*
गोराघाट पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस द्वारा फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है, साथ ही दुर्घटना के कारणों और सड़क पर अवैध रूप से रेत डालने के मामले की भी जांच की जा रही है।
