वॉशिंगटन, 24 जून (स्पूतनिक) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनका देश वेनेजुएला के तेल के जरिए वहां हुए अपने युद्ध की लागत से ‘28 गुना’ पहले ही वसूल कर चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका इससे ‘मोटी कमाई भी कर रहा है।’
श्री ट्रंप ने कहा, “ उस युद्ध को जीतने में सिर्फ 48 मिनट लगे। हम वहां से लाखों बैरल तेल बाहर लेकर आये।”
यह आंकड़ा श्री ट्रंप के करीब एक हफ्ते पहले के पिछले दावे से अलग है, जब उन्होंने कहा था कि अमेरिका ने उस पैसे की ‘42 गुना’ भरपाई कर ली है।
यह बयान अमेरिका के जनवरी में वेनेजुएला के खिलाफ शुरू की गयी सैन्य आक्रामकता के महीनों बाद आया है। उस सैन्य कार्रवाई के कारण वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो का अपहरण कर लिया गया था और वेनेजुएला के तेल क्षेत्र पर अमेरिकी प्रभाव का बहुत बड़ा विस्तार हुआ था।
श्री ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका के तेल और गैस उत्पादन की गिनती करते समय वेनेजुएला को भी उसमें शामिल किया जाना चाहिए, क्योंकि यह देश ‘बुनियादी तौर पर’ अमेरिकी ऊर्जा परिदृश्य का ही हिस्सा है।
