
सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली में मंगलवार को ननि आयुक्त सविता प्रधान की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में राजस्व वसूली और विभागीय कार्यों को लेकर बड़ा प्रशासनिक एक्शन देखने को मिला।
बैठक में राजस्व संग्रहण की प्रगति, विभिन्न विभागों के कार्यों, जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों और लंबित शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों और राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। वार्डवार राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान कई वार्डों की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाई गई। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए आयुक्त ने 10 वार्ड प्रभारियों का वेतन आगामी आदेश तक रोकने के निर्देशित किया। वहीं कार्यों के प्रति गंभीर उदासीनता और जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर वार्ड प्रभारी नवल किशोर एवं अशोक कुमार वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा दो कर्मचारियों की परिवीक्षा अवधि छ: माह के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया गया। बैठक में आयुक्त ने शहर में संचालित अवैध नल कनेक्शनों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने, ट्रेड लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा समग्र आईडी, संबल योजना और सीएम हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करें। समीक्षा बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का भी उत्साहवर्धन किया गया। राजस्व वसूली में उल्लेखनीय योगदान देने वाले मो. वकील एवं वैभव गोस्वामी की आयुक्त ने विशेष रूप से सराहना की। बैठक में उपायुक्त आरपी बैस, नवजीवन विहार प्रभारी आरबी सिंह सहित सभी वार्ड प्रभारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
