ग्वालियर : नगर निगम के एकलव्य खेल परिसर के बैडमिंटन प्रशिक्षक हिमांशु चौधरी का चयन श्रीलंका बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित सीलोन मास्टर्स इंटरनेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 के लिए हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 25 जून से 29 जून तक कोलंबो, श्रीलंका में आयोजित की जाएगी, जिसमें हिमांशु चौधरी भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीतने के लक्ष्य के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।
हिमांशु चौधरी राष्ट्रीय एवं अखिल भारतीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में अनेक पदक हासिल कर चुके हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल एकलव्य खेल परिसर बल्कि पूरे नगर निगम और शहर के लिए गर्व का विषय है। चैंपियनशिप में हिमांशु चौधरी 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की पुरुष एकल स्पर्धा में भाग लेंगे।
इसके साथ ही वे पुरुष युगल स्पर्धा में हिमाचल प्रदेश के भूपिन शर्मा तथा मिश्रित युगल स्पर्धा में महाराष्ट्र की तेजस्वी के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। वे सोमवार को दिल्ली से श्रीलंका के लिए प्रस्थान करेंगे। हिमांशु चौधरी की इस उपलब्धि पर निगम आयुक्त संघ प्रिय, खेल विभाग के नोडल अधिकारी एवं खिलाड़ियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया है।
