सतना: जीआरपी सतना पुलिस ने चलती ट्रेन में यात्रियों से लूटपाट करने वाले एक शातिर गिरोह का महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो शातिर आरोपियों और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है।20 जून 2026 की शाम जौनपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी चंदन मिश्रा वाराणसी-एलटीटी एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रहे थे, तभी सतना आउटर के पास तीन अज्ञात लड़कों ने उनसे मोबाइल और नकदी छीन ली।
इस अंधे लूट के मामले को सुलझाने के लिए जीआरपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों को सक्रिय किया और फरियादी को थाने के रिकॉर्ड में दर्ज पूर्व अपराधियों के फोटोग्राफ्स दिखाए। फरियादी द्वारा फोटो देखकर अपराधियों की सटीक पहचान करते ही, पुलिस ने विश्वसनीय मुखबिरों की सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी। मौके से पुलिस ने दो शातिर मुख्य आरोपियों सूरज साकेत उर्फ गोलू (28 वर्ष) और कृष्ण पाल साकेत उर्फ छोटा गोलू (24 वर्ष) सहित एक अपचारी बालक को हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए आरोपी आदतन अपराधी हैं, जिनके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से छीना गया ‘रियलमी 10 प्रो 5जी’ मोबाइल और ₹200 नकद शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।इस त्वरित कार्रवाई और सफलता में जीआरपी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेश राज, प्रधान आरक्षक शंकर सहाय त्रिपाठी, अनुज चतुर्वेदी, आरक्षक प्रशांत, गौरव, सज्जन, कंपनी कुमार, बिट्टू, रोहित और महिला आरक्षक शीलू तिवारी की मुख्य भूमिका रही। आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
