60 किमी की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट

जबलपुर। शहर में सोमवार सुबह तडक़े हुई रिमझिम बारिश ने जहां फिजा में खुशनुमा ठंडक घोल दी, वहीं दिन चढऩे के साथ ही बादलों को चीरकर चटक धूप खिल गई। हालांकि दोपहर ढाई बजे बाद प्रकृति ने एक बार फिर अचानक करवट बदली और आसमान का मिजाज पूरी तरह बदल गया। आसमान में काले-घने बादलों ने डेरा डाल लिया। तेज हवाएं चली। इसके बाद एक बार फिर मेघा बरस पड़े। रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया और थोड़ी देर में बारिश थम गई। इसके बाद धूप और सूर्यदेव के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा। 2.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। सीजन में अब तक 41.6 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। बारिश से पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान शहरवासियों को राहत मिली। मौसम विभाग ने जबलपुर समेत आसपास के जिलों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की माने तो दक्षिण-पश्चिम मानसून सोमवार को मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, तेलंगाना के कुछ और हिस्सों, कर्नाटक के शेष हिस्सों, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों तथा ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। इसके अलावा उत्तर और उससे सटे मध्य बंगाल की खाड़ी के केंद्रीय भागों के ऊपर माध्य समुद्र तल से 3.1 और 5.8 किमी के बीच एक चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। सोमवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री पर पहुंच। सुबह के वक्त आद्रता 84 और शाम को 72 प्रतिशत दर्ज की गई। दक्षिण-पश्चिमी हवाएं 6 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। चौबीस घंटे में 60 किमी की रफ्तार से आंधी चलने, गरज चमक के साथ बारिश की संभावना है।

Next Post

सकारात्मक भावों से ही आता है शरीर में संतुलन: बीके प्रहलाद

Mon Jun 22 , 2026
​ग्वालियर। बृहत्तर ग्वालियर माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा डीड़वाना ओली स्थित माहेश्वरी भवन में विशेष योग एवं ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के वरिष्ठ राजयोग प्रशिक्षक व मोटिवेशनल स्पीकर राजयोगी बीके प्रहलाद भाई उपस्थित थे। ​ प्रहलाद भाई […]

You May Like