सरकार की मंशा पर लगाया पलीता तो खैर नहीं

सीहोर/ इछावर। तहसील मुख्यालय इछावर के आजाद चौक में शनिवार को आयोजित जनकल्याण शिविर में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि वे सकारात्मक सोच के साथ काम करें और सरकार की जनहितकारी योजनाओं की मंशा पर कोई भी पलीता न लगाए. उन्होंने चेतावनी दी कि पात्र हितग्राहियों के नाम काटने या योजनाओं में अनावश्यक अड़चन पैदा करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. कार्यक्रम में प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा भी मौजूद रहे.

जनकल्याण शिविर को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि सरकार गरीब, किसान और जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है. प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि इछावर क्षेत्र में लगभग 21 हजार लोगों का सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है. अब इन हितग्राहियों का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है. सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण होते ही सभी पात्र कच्चे मकान धारकों को पक्का आवास निर्माण के लिए स्वीकृति और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.

उन्होंने कहा कि उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि पात्र लोगों के नाम भी विभिन्न कारणों का हवाला देकर सूची से बाहर किए जा रहे हैं. यह स्थिति स्वीकार्य नहीं है. प्रत्येक आवेदन की निष्पक्ष जांच होगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी गरीब और पात्र व्यक्ति का अधिकार न छीना जाए. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा जनता को अनावश्यक परेशान करने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान करें.

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विकास को नई गति देने वाली एक महत्वपूर्ण घोषणा भी की गई. राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा की उपस्थिति में इछावर विधानसभा क्षेत्र के 36 गांवों के लिए 36 नई सड़कों के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए. लंबे समय से मुख्य सड़कों से नहीं जुड़ पाए ग्रामीण क्षेत्रों को इससे बड़ी राहत मिलेगी. नई सड़कें बनने से ग्रामीणों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि कार्यों में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के समग्र विकास को बढ़ावा मिलेगा. केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है. सड़क, आवास, पेयजल, सिंचाई और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने हितग्राहियों से भी योजनाओं का लाभ लेने और समस्या होने पर सीधे प्रशासन को अवगत कराने की अपील की.

कांग्रेस ने काफिला रोककर मांगों का सौंपा ज्ञापन

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराजसिंह चौहान के इछावर आगमन को लेकर कांग्रेस द्वारा प्रदर्शन किए जाने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस चौकन्ना थी. इस दौरान जैसे ही केन्द्रीय मंत्री का काफिला वहां पहुंचा. मौके पर कांग्रेस के झंडे लेकर खड़े वरिष्ठ नेता बृजेश पटेल सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने काफिले को रोका. केन्द्रीय मंत्री चौहान वाहन से नीचे उतरे और कांग्रेस नेताओं की बात सुनी. बृजेश पटेल ने डीजल व खाद की किल्लत के अलावा मूंग के भावों सहित अन्य मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए किसान हित में इन मांगों को पूरा करने की मांग की गई.

 

Next Post

कल्याण बोर्ड का संभाग प्रभारी बनने पर किया स्वागत

Mon Jun 22 , 2026
सीहोर। ब्राह्मण समाज के उत्थान एवं संगठनात्मक गतिविधियों को सशक्त बनाने की दिशा में पं.महेश दुबे को परशुराम कल्याण बोर्ड के विष्णु राजोरिया द्वारा बोर्ड का भोपाल संभाग प्रभारी नियुक्त किया गया है. श्री दुबे को ब्राह्मण समाज जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, मनोहर शर्मा, कमलेश कटारे, मोहन दुबे, सुनील शर्मा, […]

You May Like